सब्जियों की हाईटेक पौध लगाएं, अधिक उत्पादन पाएं

दिलीप यादव, वरिष्ठ पत्रकार

——————–

-उद्यान विभाग की अगरयाला नर्सरी में तैयार हैं हजारों पौधे

-पपीता, टमाटर, गोभी आदि किसी भी सब्जी की पौध मौजूद

मथुरा। सब्जियों की खेती करने वाले किसानों के लिए खुशखबरी है। अब उन्हें सब्जी वाली फसलों की पौध के लिए शमसाबाद आदि जगह नहीं जाना पड़ेगा। छाता के अगरयाला में उद्यान विभाग की हाईटेक नर्सरी में टमाटर, बैंगन, गोभी, शिमला मिर्च आदि की पौध तैयार खड़ी है। आर्टिफिशियल मीडिया में तैयार उन्नत किस्म के बीजों की पौध 2 रूपए प्रति पौध बिक्री के लिए मौजूद है। किसान अपना बीज देकर भी 1 रुपए प्रति पौध में पौधे तैयार करा सकते हैं।

 

उद्यान विभाग के विषय वस्तु विशेषज्ञ आदर्श कुमार ने बताया कि वर्तमान में टमाटर की अभिलाष एन एस- 5013 एवं नामधारी कंपनी की किस्म के पौधे तैयार हैं। फूलगोभी की एन एस 1118, नामधारी, सरिता एवं नोबेल सीड के पधे तैयार हैं। पत्ता गोभी की स्मिता, नोनगो सीड, शिमला मिर्च इन्डूडर, सेंजेंटा कंपनी के उन्नत बीजों की पौध तैयार है। किसान तत्काल पौध खरीद सकते हैं। पपीता की रेड लेडी किस्म के पौधे तैयार है।

उद्यान विशेषज्ञों की देखरेख में तैयार पौध पूरी तरह से निरोगी रहती है। पौध मिट्टी के बजाय आर्टीफिशियल मीडिया में तैयार होने के कारण स्वस्थ रहती है। हर पौधा प्लग ट्रे में अलग-अलग तैयार किया जाता है। सामान्य तरीके से डाली गई नर्सरी से ज्यादा उत्पादन इस तरह की पौध खेत में लगाने से मिलता है।

किसान अगरयाला नर्सरी का भ्रमण कर पौध तैयार करने के तौर तरीके की जानकारी कर सकते हैं। हरियाणा राज्य में इस तरह की पौध किसानों में बहुत प्रचलित है। अधिक जानकारी के लिए किसान जवाहर बाग में संपर्क कर सकते हैं।