शेरगढ़ रामलीला में हुआ बाली वध, सीता खोज व शबरी भेंट का भावपूर्ण मंचन

खेमचंद्र अग्रवाल

__________

शेरगढ़ रामलीला में हुआ बाली वध, सीता खोज व शबरी भेंट का भावपूर्ण मंचन

स्थानीय कलाकारों की अभिनय प्रतिभा ने दर्शकों का मन मोहा

शेरगढ़, मथुरा | 27 सितम्बर 2025:

शेरगढ़ की ऐतिहासिक रामलीला में रात्रि को शबरी पर श्रीराम की कृपा, राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, तथा सीता की खोज जैसे प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। संगीतमय संवादों और प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।

रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मेघ श्याम तिवारी ने बताया कि इस वर्ष की रामलीला में स्थानीय कलाकारों विशेषकर बच्चों का प्रदर्शन अत्यंत सराहनीय रहा है। गांव के बच्चों ने अपने अभिनय से मंच पर जीवंतता ला दी है, जिससे आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु व दर्शक कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।

उन्होंने क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “रामलीला हमारी सांस्कृतिक विरासत है, जिसे अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हमारा दायित्व है। स्थानीय सहभागिता इस परंपरा को और सशक्त बना रही है।”

शबरी भेंट के मार्मिक दृश्य से लेकर राम-सुग्रीव की मित्रता, बाली का वध तथा हनुमान जी द्वारा सीता माता की खोज की तैयारी जैसे दृश्य रामलीला मंच पर अत्यंत सुंदरता से प्रस्तुत किए गए, जिसने उपस्थित जनसमूह को श्रीराम की भक्ति में सराबोर कर दिया।

रामलीला का आयोजन आगामी दिनों तक जारी रहेगा, जिसमें श्रीराम रावण युद्ध, राम राज्याभिषेक सहित अन्य प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।