कृष्ण भक्ति के स्वरों से महक उठा रसखान और ताज बीबी का समाधि स्थल

मनोज चौधरी

————————–

कृष्ण भक्ति के स्वरों से महक उठा रसखान और ताज़ बीबी का समाधि स्थल

कार्यक्रम की प्रस्तुति देते संगीतकार

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जीएलए विवि के तत्वावधान में सांझी महोत्सव अंतर्गत गायक चिकित्सकों ने भजन संध्या में समा बाँधा

– मुक्ताकाशीय मंच पर चेतना शर्मा की कथक प्रस्तुति भी अविस्मरणीय रही

 

 

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद एवं जीएलए. विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में चल रहे सांझी महोत्सव-2025 के अंतर्गत रसखान समाधि परिसर भजनों से गूंज उठा। मुक्ताकाशीय मंच पर शानदार और अविस्मरणीय भजन संध्या ने सांझी महोत्सव को भक्ति मय बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुदेव को समर्पित स्तुति “गुरुर ब्रह्मा, गुरुर विष्णु…” से हुआ। इसके पश्चात् दूरदर्शन की सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना चेतन शर्मा ने मनमोहक कथक प्रस्तुति देकर सभी श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भजन संध्या में मुख्य गायक डॉ. खेमचन्द धाकड़ (सीएमएस, जिला अस्पताल आगरा) के साथ डॉ. सत्यवीर सिंह (एमबीबीएस, एमडी, डीएल), डॉ. दुष्यन्त कुमार ( केडी मेडिकल कॉलेज), डॉ. प्रेमसिंह ( मेडिकल कॉलेज कन्नौज) तथा प्रसिद्ध गायक धर्मवीर सिंह (पूर्व जिला समन्वयक, पंचायतराज विभाग) ने एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत कर भक्ति रस की गंगा बहा दी। संगीत सहयोग म्यूजिकल ग्रुप का नेतृत्व मुकेश कुमार ने दिया।
भजनों में “लागी ऐसी लगन, मोरा हो गई मगन”, “घर-घर में सीता राम की धुन देनी है”, “मैंने मोहन को बुलाया, वो आना ही चाहिए”, “कन्हैया ले चल परली पार”, “चरिया झीनी रे झीनी”, “भज मन राम चरण सुखदाई”, “किसी से उनकी मंज़िल का पता पाया नहीं” और “जितना दिया सरकार ने मुझको, उतनी औकात नहीं” प्रमुख रहे। भजनों ने ऐसा समा बाँधा कि वातावरण देर रात तक भक्तिरस से सराबोर रहा और सभी श्रोता तन्मय होकर डूबते-उतराते रहे।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के ब्रज संस्कृति विशेषज्ञ डॉ. उमेश चंद्र शर्मा, सहा अभियंता दूधनाथ सिंह आरआई, रामवीर सिंह यादव, गीता शोध संस्थान
समन्वयक चंद्र प्रताप सिंह सिकरवार एवं सामाजिक कार्यकर्ता भावना शर्मा ने सभी चिकित्सक-गायक कलाकारों और कथक नृत्यांगना चेतन शर्मा का पटुका पहनाकर सम्मान किया।