बांके बिहारी जी मंदिर में बंद होगी दर्शन की वीआईपी पर्ची, कॉरिडोर को जमीन खरीदने पर बनी सहमति

मनोज चौधरी,

___________________

ठाकुर श्री बांके बिहारी जी मन्दिर हाई पावर्ड मैनेजमेन्ट कमेटी वृन्दावन, मथुरा की चतुर्थ बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में अध्यक्ष  न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त)  उच्च न्यायालय इलाहाबाद  अशोक कुमार, सदस्य  जिला एवं सत्र न्यायाधीश (सेवानिवृत्त)  मुकेश मिश्रा, सदस्य  जिला एवं सत्र न्यायाधीश मथुरा  विकास कुमार, सदस्य मुंसिफ / सिविल जज मथुरा शिप्रा दुबे, सदस्य /सदस्य सचिव जिला मजिस्ट्रेट / कलेक्टर मथुरा चन्द्र प्रकाश सिंह, सदस्य वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  श्लोक कुमार, सदस्य नगर आयुक्त मथुरा-वृन्दावन नगर निगम मथुरा जग प्रवेश, सदस्य उपाध्यक्ष मथुरा वृन्दावन विकास प्राधिकरण श्याम बहादुर सिंह, सदस्य अधीक्षण पुरातत्वविद्, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण आगरा डॉ स्मिता एस कुमार, सदस्य (गोस्वामी राजभोग समूह)  शैलेन्द्र गोस्वामी, सदस्य (गोस्वामी राजभोग समूह) वर्धन गोस्वामी  (गोस्वामी शयनभोग समूह)  दिनेश कुमार गोस्वामी  सदस्य (गोस्वामी शयनभोग समूह)  विजय कृष्ण  गोस्वामी उपस्थित रहें।

बैठक के बिन्दु

श्री बाँके बिहारी मन्दिर में दर्शन हेतु वीआईपी पर्ची बन्द किये जाने पर विचार।

श्री बांके बिहारी जी मन्दिर परिसर में वीआईपी हेतु प्रयोग किए जाने वाली गैलरी को हटाए जाने पर विचार।

श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकासी की व्यवस्था पर विचार।

मन्दिर परिसर के अन्दर प्राइवेट गार्ड के साथ-साथ पुलिस तैनात किये जाने पर विचार।

दर्शनार्थियों की भीड़ की व्यवस्था हेतु लाइन (क्यू) व्यवस्था किये जाने पर विचार।

मन्दिर भवन / मंदिर परिसर का आईआईटी० रुड़की से आंतरिक स्ट्रक्चर का सर्वे एवं ऑडिट कराये जाने पर विचार।

मन्दिर दर्शन का समय बढ़ाये जाने पर विचार।

लाइव स्ट्रीमिंग (सजीव दर्शन) की व्यवस्था कराये जाने पर विचार।

श्री बाँके बिहारी मन्दिर के पास कितनी चल-अचल सम्पत्ति है का विवरण।

मन्दिर में सेन्ट्रल एयर कंडीशनर लगाये जाने पर विचार।

श्री बाँके बिहारी मन्दिर गर्भ गृह के बगल में जो कमरा बन्द है उसे खोलने की व्यवस्था किये जाने पर विचार ।

पूर्व से मन्दिर प्रबन्धन हेतु कौन-कौन स्टाफ तैनात हैं तथा उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों का विवरण।

ठाकुर बांके बिहारी जी मंदिर के प्रांगण में खाली स्थान पर (लगभग 357 गज) पर पूर्व में हुए अधूरे निर्माण में हुई अनियमितताओं की जाँच कराये जाने पर विचार।

4.74 एकड़ जमीन खरीदने के सम्बन्ध में विमर्श।

प्रोपर्टी मालिकों से नेगोशिएशन हेतु उप समिति का निर्धारण।

श्रद्धालु/भक्तगणों से मंदिर में सुविधाओं के विकास हेतु दान लिए जाने के सम्बंध में विमर्श।

समिति की सहमति

1- वीआईपी पर्ची को बंद किए जाने पर सहमति हुई।

2- प्रवेश द्वार से सिर्फ प्रवेश हो तथा निकास द्वार से सिर्फ निकास हो, उक्त व्यवस्था हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक 3 दिनों में उचित कार्य सुनिश्चित करेंगे।

3- मंदिर में तैनात सभी पुलिस कर्मचारी एवं प्राइवेट सिक्योरिटी गार्ड अपने दिए गए ड्यूटी स्थान/स्थल पर ही ड्यूटी करे। यदि उक्त स्थल से अन्यत विचरण पाया जाएगा, तो वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करें।

4- वर्तमान में मंदिर सिक्योरिटी में तैनात प्राइवेट कर्मचारियों को बदलते हुए अच्छी प्राइवेट सिक्योरिटी या रिटायर्ड सैनिकों वाली सिक्योरिटी एजेंसी को व्यवस्था हेतु लाया जाए।

5- मन्दिर भवन / मंदिर परिसर का आई०आई०टी० रुड़की से आंतरिक स्ट्रक्चर ऑडिट कराये जाने पर सभी ने सहमित प्रदान की।

6- मंदिर के समय में परिवर्तन हुआ।

गर्मियों में प्रातः 7 बजे से 7:15 बजे तक आरती, 7:15 बजे से दर्शन चालू हो जाएंगे तथा 12:30 तक होंगे, उसके बाद 12:30 से 12:45 तक आरती होगी। शाम को मंदिर में 4:15 से 9:30 बजे तक दर्शन होंगे तथा 9:30 से 9:45 तक आरती होगी।

ठंड/ सर्दियों में प्रातः 8:00 से 8:15 बजे तक आरती, 8:15 से 1:30 बजे तक दर्शन तथा 1:30 से 1:45 तक आरती होगी। शाम को 4 से 9 बजे तक दर्शन तथा 9 से 9:15 तक आरती होगी।

7- दर्शन के लाइव स्ट्रीमिंग पर सभी ने सहमति जताई, लगातार लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी।

8- श्री बांके बिहारी जी मंदिर के पास कितनी चल अचल संपत्ति है। उक्त के संबंध 15 दिनों के भीतर वितरण प्राप्त कर समिति के समक्ष रखा जाए। 2013 से 2016 तक के समय का विशेष ऑडिट कराया जाए।

9- श्री बांके बिहारी जी मंदिर गर्भ गृह के बगल में जो कमरा बंद है, उसे खोलने की व्यवस्था हेतु एक कमेटी (ऑडिटर, सिविल जज, ए0सी0एम0 वृंदावन, क्षेत्राधिकारी वृंदावन तथा गोस्वामी सदस्यों में से 1 होंगे) बनाई गई, जो अपने समक्ष कमरा खुलवाएगी तथा सभी की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। उक्त की इन्वेंटरी बनाई जाएगी तथा संयुक्त हस्ताक्षर से समिति के समक्ष प्रस्तुत की जाएगी।