पुलिस की छवि को बट्टा लगाने में नपे दो सब इंस्पेक्टर

 

मथुरा पुलिस ने दो उप निरीक्षकों को कर्तव्य के प्रति बरती गई घोर लापरवाही, उदासीनता एवं अकर्मण्यता प्रदर्शित करने तथा पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने के कारण निलंबित कर दिया है।

उप निरीक्षक विक्रांत तोमर को थाना हाईवे की पुलिस चौकी पर नियुक्त रहने के दौरान व्हाट्स एप्प स्टेटस पर अपने स्थानान्तरण से संबंधित प्रार्थना पत्र लगाने एवं उस पर कैप्सन के रूप में अशोभनीय टिप्पणी अंकित करने से बरती गई अनुशासनहीनता के संबंध में दोषी पाये जाने पर निलंबित किया गया है।

 

उप निरीक्षक सशस्त्र पुलिस/यातायात राजेश कुमार को यातायात पुलिस जनपद मथुरा में तैनाती के दौरान सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो जिसमें पत्रकार से अवैध वसूली के संबंध में संलिप्तता से संबंधित वार्ता कर पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने का दोषी पाये जाने पर निलंबित किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशश्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मथुरा महोदय द्वारा सभी अधीनस्थों को निर्देशित किया गया है कि पूर्ण मनोयोग से जनहित में कार्य करें, अनुशासन में रहकर ड्यूटी करें। अनुशासनहीनता बरतने पर सीधे निलंबन की कार्यवाही की जायेगी।