मथुरा में बाढ़: हर घंटे बढ़ीं तटवर्ती क्षेत्रों में मुसीबतें 

 खतरे के निशान से 57 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचा जलस्तर

राहत शिविरों में बढ़ रही शरणार्थियों की संख्या

 डीएम ने प्रभावित क्षेत्रों का कर रहे दौरा

-राहत शिविरों का किया निरीक्षण, कई गांवों में लगाए गए स्टीमर

मनोज चौधरी, मथुरा
_________________

यमुना नदी के जलस्तर में हर घंटे में एक सेमी की प्रयागघाट पर बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। जलप्रवाह क्षेत्र का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। उसी गति से लोगों की मुसीबतें भी बढ़ने लगी। राहत शिविरों में शरणार्थियों की संख्या में इजाफा भी होने लगा है। एक सैकड़ा से ज्याद बस्तियों में लोग छतों पर दिनरात बिता रहे हैं।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने तहसील छाता के ग्राम बहटा में स्थापित बाढ़ शेल्टर होम और बाढ़ शरणालय स्थल का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान राहत शिविर में बाढ़ प्रभावित लोग भोजन करते हुए पाए गए, जिसपर जिलाधिकारी ने उनसे भोजन की गुणवत्ता के बारे में पूछा। लोगों ने कहा कि भोजन अच्छा है तथा समय से नाश्ता, खाना आदि मिलता है।

उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता ने अवगत कराया कि उक्त बाढ़ राहत शिविर में 43 लोग रह रहे है।

शेरगढ़ नौहझील मार्ग का अवलोकन करते जिलाधिकारी चंद्र5प्रकाश सिंघ

जिलाधिकारी ने सभी को धैर्य / संयम बनाए रखने हेतु प्रेरित किया तथा कहा कि दो – तीन दिनों में सभी चीजें सामान्य हो जाएंगी। दो – तीन दिनों में यमुना जी के जलस्तर में कमी आना चालू हो जाएगा।
 जिलाधिकारी ने बाढ़ राहत शिविर में उपस्थित बाढ़ प्रभावित परिवारों को राशन सामग्री किट का वितरण किया तथा सभी से उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने सभी की समस्याओं को सुना तथा आश्वासन दिया कि सभी की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षतिग्रस्त मकानों एवं फसलों का सर्वे किया जाएगा तथा सभी को मुआवजा दिया जाएगा। उक्त कार्य हेतु प्रशासन पूर्ण रूप से कटिबद्ध है। सरकार द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद हेतु सभी प्रयास किए जा रहे है, किसी को कोई भी परेशानी नहीं होने दी जाएंगी।
 जिलाधिकारी ने बहटा में मेडिकल टीम द्वारा दिए जा रहे उपचार का जायजा लिया। उन्होंने मेडिकल टीम को अपने कार्यों को जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मेडिकल टीम द्वारा प्रयोग की जा रही दवाओं को भी चेक किया तथा एक्सपायरी देखी।
   ग्राम बहटा के निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने यमुना जी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत तहसील मांट की शहीद चन्द्रशेखर आजाद पुलिस चौकी यमुना पुल थाना नौहझील के निकट सड़क मार्ग पर आए यमुना जी के जल का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने क्षेत्राधिकारी छाता भूषण वर्मा को निर्देश दिए कि उक्त क्षेत्र के आस-पास सभी भट्टा संचालकों से वार्ता करे तथा सभी मज़दूरों को ससमय सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बैरियर लगाकर उक्त सड़क मार्ग को बंद करे। सभी वाहनों का आवागमन पूर्णतः बंद करे। सड़क मार्ग पर पुलिस कर्मचारियों की 24 घंटे ड्यूटी लगाई जाए तथा निरंतर क्षेत्र में गश्त करते रहे।

निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे राजेश कुमार्ज उप जिलाधिकारी छाता वैभव गुप्ता, क्षेत्राधिकारी छाता भूषण वर्मा, नायब तहसीलदार छाता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।