भादो आदी रात को चांदी के रंग की पंखुड़ियों में प्रकट होंगे श्रीकृष्ण

वंदना शर्मा मथुरा


भादो आदी रात आठें (भाद्र मास का  कृष्ण पक्ष)  को ब्रज बसुंधरा पर 5252 वीं बार भगवान श्री कृष्ण चांदी के रंग की कमल दल पंखुड़ियों से प्रकट होंगे। चांदी से ही मंडित होगा गर्भ गृह और कन्हा सिंदूर पुष्प बंगला में विराजमान  होंगे। इस पल के साक्षी बनने के लिए दुनिया से लाखों कृष्ण भक्त श्रीकृष्ण जन्मभूमि आएंगे।

 

श्रीकृष्ण जन्मभूमि सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा और सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया, भगवान को ‘मेघधनु’ पोशाक  धारण कराई जाएगी। रजत सूप में विराजमान होकर चल विग्रह  अभिषेक स्थल पर पधारेंगे। सोने चांदी से मंडित कामधेनु की प्रतिमा से वासुदेव देवकी के लल्ला का पहला अभिषेक होगा।

 

नयनाभिराम होंगे दर्शन

इससे पहले 15 अगस्त की सायं छह बजे कन्हैया लाल को पोशाक अर्पण  की जाएगी। अगले दिन 16 अगस्त को भोर में साढ़े पांच बजे मंदिर से रात डेढ़ बजे तक श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर दर्शन होंगे।