राज्य महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती ने की श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात

राज्य महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती ने की श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात

मथुरा : राज्य महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष श्रीमती कमलावती सिंह ने मंगलवार को आश्रय सदन कृष्णा कुटीर की व्यवस्थाओं को देखा और श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट से भी मुलाकात की। न्यास के अध्यक्ष ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद केस की विस्तार से जानकारी देते हुए हाईकोर्ट में विचाराधीन मुकदमा से भी अवगत कराया।­
वृंदावन स्थित होटल कृष्णा इंटरनेशनल पहुंची राज्य महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष श्रीमती कमलावती का यहां श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट और वृंदावन की प्रमुख समाज सेविका डॉ लक्ष्मी गौतम ने उनका स्वागत किया। न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मन्दिर को मुगलों ने कब कब तोड़ा और किस किस ने मंदिर का निर्माण कराया था। उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर मूल गर्भ गृह है, उसी स्थान पर औरंगजेब द्वारा बनवाई गई मस्जिद को हटाकर वहां पुनः भव्य मंदिर निर्माण कराए जाने की मांग को लेकर वह दो स्तर पर संघर्ष कर रहे हैं। हाईकोर्ट इलाहाबाद में मुकदमा विचाराधीन है। इस मामले में चार जुलाई को सुनवाई होगी। न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने बताया कि हमारे द्वारा मस्जिद को विवादित ढांचा घोषित किए जाने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में जो प्रार्थना पत्र दिया था, उस पर ही न्यायालय को अपना फैसला सुनाना है। 23 मई को न्यायालय ने अपना फैसला सुरक्षित कर लिया था। इसके अलावा जन आंदोलन भारत के अलावा विदेशों में चलाया जा रहा है। साथ उन्होंने हिंदू चेतना यात्रा और यात्राओं को मिल रहे समर्थन की जानकारी भी दी। साथ ही यह भी बताया कि आंदोलन को मातृ शक्ति का भरपूर समर्थन मिल रहा है। डॉ लक्ष्मी गौतम ने बताया कि इससे पहले राज्य महिला कल्याण आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कमलावती सिंह ने आश्रय सदन कृष्णा कुटीर की व्यवस्थाओं को देखा और यहां निवास कर रही माताओं से वार्ता की। साथ ही अन्य मुद्दों पर भी चर्चा की। डॉक्टर गौतम के साथ उन्होंने ठाकुर बांके बिहारी जी के भी दर्शन किए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुषमा अग्रवाल, वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक वैशाली सिंह, प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्र आदि मौजूद रहे।