कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए नौ जून को पहुंचेगी हिंदू चेतना पैदल यात्रा : महेंद्र प्रताप

कृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति के लिए नौ जून को पहुंचेगी हिंदू चेतना पैदल यात्रा : महेंद्र प्रताप
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के नेतृत्व में निकाली जा रहीं देश भर में यात्राएं

डैंपियर नगर के होटल हीरा क्रिस्टल में होगा समापन, देश विदेश के साधु संत होंगे शामिल

मथुरा : श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति और हिंदुओं को संगठित कर उनका इतिहास याद दिलाने को देश भर में निकाली जा रही यात्राएं मथुरा की और कूच करने लगी हैं। पांच जून को गंगा मईया के तट से आरंभ हुई पैदल यात्रा नौ जून को मथुरा पहुंचेगी। इसमें देश विदेश के साधु संत भी शामिल होंगे।
न्यास के अध्यक्ष और हिंदू चेतना यात्राओं के संयोजक महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने नरौरा स्थित राम घाट के सिद्ध बाबा आश्रम के पीठाधीश्वर कांताचार्य जी महाराज के सानिध्य में मथुरा आ यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि गंगा। मईया का जल 11कलशों में भर कर मथुरा लाया जा रहा है। पूजा अर्चना कर मां यमुना से श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने के लिए देश दुनिया में चलाए जा रहे आंदोलन की सफलता की कामना कर जल यमुना जी को अर्पण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गंगा यमुना के यह मिलन पूज्य नदियों के शुद्धिकरण का भी संदेश पूरी दुनिया को देगा। उन्होंने बताया कि हिंदू चेतना यात्रा के साथ विभिन्न हिंदूवादी संगठन के करीब 500 सदस्य यात्रा में पैदल चल रहे हैं। न्यास के अध्यक्ष ने बताया कि हिंदू चेतना यात्रा गांव-गांव पहुंच रही हैं। हिंदुओं को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर के निर्माण से लेकर उसे तोड़े जाने और पुनः निर्माण कराने तक का इतिहास विस्तार से लोगों को बताया जा रहा है। उनको यह भी बताया जा रहा है कि कब कब किसने मंदिर को तोड़ा था और कब किसने बनाया था। साथ ही हिंदुओं से एकजुट होने की अपील यात्राओं के माध्यम से की जा रही हैं। हिंदूवादी संगठनों का इस कार्य में भरपूर समर्थन मिल रहा है। उन्होंने बताया कि शांति सद्भावना के साथ निकाली जा रही यात्राओं को खूब जन समर्थन भी मिल रहा है। यात्रा का समापन 9 जून को डैंपियर नगर स्थित होटल हीरा क्रिस्टल में होगा। इससे पहले यात्रा का राया में भव्य स्वागत किया जाएगा। श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने बताया वृंदावन के सैकड़ो साधु संत भी हिंदू चेतना यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।