मथुरा में नेशनल हाईवे पर युवक की जलाकर हत्या, ससुरालियों पर लगाया आरोप
मथुरा के थाना हाई वे क्षेत्र में गुरुवार को नेशनल हाईवे पर एक युवक की जिंदा जलाकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में दहशत व्याप्त हो गई। परिवार वालों ने युवक की हत्या का आरोप उसके ससुराल वालों पर लगाया है।
गुरुवार की दोपहर महोली गांव का रहने वाला 22 वर्षीय विजय पुत्र पप्पू अपने पिता के साथ मोटर साइकिल से थाना हाई वे आ रहा था। विजय जैसे ही एटीवी फैक्ट्री के समीप पहुंचा वहां जाम लगा हुआ था। इसी दौरान उसकी बाइक को पीछे से खींच लिया और सड़क किनारे ले जाकर जिंदा जला दिया। दोपहर में भरी रोड पर इस दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम देकर हत्यारे मौके से भाग गए। बेबस पिता पप्पू हत्यारों से उसे छोड़ देने की गुहार लगाता रहा। लेकिन पिता की गुहार और संघर्ष भी हत्यारों को नहीं रोक सकी। तीन भाइयों में सबसे बड़े विजय की हत्या से मौके पर दहशत फैल गई। विजय की हत्या की जानकारी पिता ने पुलिस और परिजनों को दी। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। विजय का शव देखकर चीख पुकार मच गई। हर कोई इस दिल दहला देने वाली वारदात को देख स्तब्ध था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया।
ससुरालियों से चल रहा था विवाद
विजय के मामा ने बताया कि उसकी शादी दो वर्ष पहले गांव भूडूरसू की रहने वाली पिंकी से हुई थी। शादी के बाद से ही पति पत्नी में विवाद होने लगा। जिसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से पुलिस को तहरीर दी लेकिन बाद में समझौता हो जाता। गुरुवार को भी इसी मामले में थाना पर दोनों पक्षों को पहुंचना था लेकिन उससे पहले यह वारदात हो गई।
एसपी सिटी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में सही तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जो सही होगा उसके अनुसार कार्यवाही की जायेगी।









