ओडिशा से राजस्थान होकर मथुरा लाई गई गांजा की खेप सदर बाजार पुलिस ने पकड़ी

-आधा दर्जन तस्कर किए गिरफ्तार, दो कार की जब्त

राहुल  अंधोपिया 

थाना सदर बाजार में पकड़े गए गांजा तस्कर

मथुरा: ओडिशा से रेलमार्ग द्वारा राजस्थान होकर लाई गई गांजा की खेप को थाना सदर बाजार पुलिस ने सदर बाजार तांगा स्टैंड से एनसीसी तिराहे के बीच मे सप्लाई से पहले ही पकड़ लिया। दो कारों में लाद कर ला रहे आधा दर्जन तस्कर भी गिरफ्तार किए गए है। तस्करों से पूछताछ में पुलिस को गांजा तस्करी के संबंध में कई अहम जानकारी मिली है। प्राप्त जानकारियों को पुष्ट किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि थाना सदर बाजार प्रभारी छोटे लाल सदर बाजार के तांगा स्टैंड और एनसीसी तिराहे के मध्य पुलिस फोर्स के साथ चेकिंग कर रहे थे। उसी समय एस क्रास और
टाटा टिगोर कार में सवार लोगों की गतिविधियां को लेकर संदेह हुआ। इससे पहले पुलिस के पास कुछ संदिग्ध लोगों के क्षेत्र में मौजूद होने की जानकारी भी मिली थी। कार सवारों को पुलिस ने पकड़ लिया और कारों की तलाशी ली गई तो कारों में गांजा भरा हुआ मिला। पुलिस ने रवि पुत्र रामबाबू उर्फ ओमप्रकाश निवासी अर्जुनपुरा डीग गेट थाना गोविन्द नगर मथुरा, प्रदीप पुत्र दीवान सिंह निवासी गिरधरपुर थाना हाईवे मथुरा, भारत पुत्र मिट्ठू सिंह निवासी मथुरा गेट थाना मथुरा गेट जिला भरतपुर राजस्थान, पुष्कर सिंह पुत्र ध्रुव सिंह निवासी नगला फौजदार डीग थाना सदर डीग जिला डीग राजस्थान हाल निवासी शिव नगर कालोनी थाना कोतवाली भरतपुर, राकेश पुत्र पप्पू सिंह निवासी शास्त्री नगर थाना मथुरा गेट जिला भरतपुर राजस्थान और वीरेन्द्र सिंह पुत्र भगवान सिंह निवासी ग्राम कुन्दरा थाना चिकसौना जिला भरतपुर राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों कारों से 32 किलोग्राम गांजा, एक तमंचा .315 बोर और दो जिन्दा कारतूस .315 बोर बरामद हुए। पूछताछ में आरोपितो ने बताया कि गांजा वह ओडिशा से ट्रेन से भरतपुर तक लेकर आए थे। भरतपुर से गांजे को अलग अलग कार में लाद करके मथुरा लेकर आए। पूछताछ पुलिस को तस्करों से कई महत्वपूर्ण जानकारी गांजा तस्करी और उनके एजेंट के संबंध में मिली है। थाना प्रभारी छोटे लाल ने बताया कि प्राप्त जानकारियों की पुष्टि की जा रही है। जिन लोगों को गांजा सप्लाई किया जाना था। उनका भी पता किया जा रहा है।

गिरफ्तार करने वाली टीम: थाना प्रभारी निरीक्षक
छोटेलाल, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, अमित कुमार त्यागी, विदित कुमार, हेड कांस्टेबल भीकम सिंह, अवधेश, अतुल यादव, दुर्विजय सिंह तैनाती एंटी नार्कोटिक टास्क फोर्स आगरा, कांस्टेबल थाना सदर बाजार देवानन्द, राममूर्ति तेजा तैनाती एंटी नार्कोटिक टास्क फोर्स आगरा, रवि कुमार तैनाती एंटी नार्कोटिक टास्क फोर्स आगरा।