श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की आड़ में भाजपा कर रही समाज के ध्रुवीकरण की कोशिश
-जातियों में जहर घोलने वालों के खिलाफ होगी राहुल गांधी की पदयात्रा
-कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के प्रभारी अविनाश पांडेय ने की 15 को जाएंगे अयोध्या
मथुरा: अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की आड़ में भाजपा समाज में ध्रुवीकरण और राजनीतिकरण करने की कोशिश कर रही है। जातियों में जहर घोलने वालों के खिलाफ ही तो राहुल गांधी की पदयात्रा है, जो भारत के सभी धर्म और जाति के लोगों को गले मिलकर जोड़ने के लिए होगी।
मथुरा-गोवर्धन मार्ग स्थित खंडेलवाला सेवा सदन में पार्टी के मंडलीय संवाद यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी अविनाश पांडेय ने शनिवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा, अयोध्या में श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की आड़ में राजनीतिकरण न किया जाए। यह व्यक्तिगत आस्था और श्रद्धा का मामला है। अयोध्या में मंदिर बन रहा है, यह सभी के लिए गर्व की बात है, लेकिन इसे लेकर जातियों के बीच जहर घोलने की कोशिश भाजपा कर रही है। इसको खिलाफ राहुल गांधी 14 जनवरी को मणिपुर से पद यात्रा आरंभ कर रहे हैं, जो देश में रहने वाली सभी जाति और धर्म के लोगों के जोड़ने के लिए है। जब वह यहां आए तो राधे-राधे कहकर श्रीकृष्ण के दर्शन किए। वह 15 जनवरी को अयोध्या जाएंगे और वहां भी दर्शन करेंगे। जिसको उनके साथ दर्शन करने के जाना है, वह चल सकता है। उन्होंने कहा कि वाराणसी जाने पर वहां भी बाबा विश्वनाथ के भी दर्शन करेंगे। मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा और गिरिजाघर ये अस्था के केंद्र हैं। उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन को लेकर उनका कहना था, इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। सभी का प्रयास होगा कि भाजपा प्रत्याशी का चुनाव में डटकर मुकाबला किया जाए। श्री पांडेय ने कहा, लोकतंत्र और देश के संविधान को बचाना है तो सभी छोटे-बड़े दलों को मिलकर भाजपा से मुकाबला करना होगा। उन्होंने कहा, सपा मुखिया अखिलेश यादव से सकारात्मक वार्ता हो चुकी है और जल्द ही सीटों के स्थान समाने आ जाएंगे। बसपा मुखिया मायावती को लेकर उन्होंने कहा कि वह वरिष्ठ नेता है और वह लोकतंत्र में विश्वास रखती है। मायावती से पार्टी की जो बातचीत हुई है, इसकी उनको कोई जानकारी नहीं हैं, लेकिन उन्होंने कहा, बसपा की ओर से सकारात्मक परिणाम आएंगे। इससे पहले श्री पांडेय ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद किया और कहा, आगामी लोकसभा चुनाव एक चुनौती है। जो आने वाले पांच वर्ष के लिए देश की दशा और दिशा को तय करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए यह संवाद यात्रा आरंभ की गई है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार रावत, प्रदीप माथुर, मुकेश धनगर, यतींद्र मुकद्म आदि मौजूद रहे।








