
-राज्यमंत्री ने समीक्षा के बाद सदर तहसील का किया निरीक्षण
मथुरा: सार्वजनिक भूमियों पर किए कब्जों को हटाने की कार्रवाई पर बल देते हुए राजस्व विभाग के राज्यमंत्री अनूप प्रधान ने तेजी लाने पर बल दिया। प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर जुर्माना वसूलने के भी निर्देश दिए और कहा, जो लोग भूमिहीन है और सार्वजनिक भूमि पर रह रहे हैं उन्हें न छेड़ा जाए।
राजस्व विभाग के राज्यमंत्री अनूप प्रधान ने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह पर वार्ता के बाद कलक्ट्रेट सभागार में तहसील मांट, छाता, गोवर्धन, सदर और महावन में राजस्व विभाग की विभिन्न धाराओं में की गई कार्रवाई की समीक्षा की। सार्वजनिक भूमियों पर किए गए कब्जे हटाने की सुस्त कार्रवाई को लेकर मंत्री ने अधिकारियों से कहा, इसमें तेजी लाई जाए और साथ ही इस बात का भी ध्यान रखा जाए कि कार्रवाई प्रभावशाली लोगों के खिलाफ की जाए। उनसे जुर्माना भी वसूला जाए। भूमिहीन लोग अगर कहीं सार्वजनिक भूमि पर रह रहे हैं तो उनके खिलाफ कोई कार्रवाई फिलहाल न की जाए। पैमाइश और दाखिल खारिज की कार्रवाई संतोषजनक पाई गई। सदर तहसील पहुंचे मंत्री ने विभिन्न पटलों पर फाइलों को भी देखा और कहा कि लोगों को न्याय जल्द मिल सके। एक सवाल के जवाब में मंत्री का कहना था, पूर्व में न्यायलयों में राजस्व विवाद बड़ी संख्या में लंबित थे, लेकिन अब इनमें कमी आई है।








