–
परीक्षण रिपोर्ट में मिला टेट्राजीन रसायन, कैंसर को देता है जन्म
-मध्य प्रदेश से हो रही सप्लाई, 420 नमूने की रिपोर्ट के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने की बड़ी कार्रवाई
मथुराः खुली हरी मटर और उससे बनी ब्रांडेड और नॉन ब्रांडेड कंपनियों की नमकीन की बिक्री करने पर रोक लगा दी गई है। अधिकांश खुली हरी मटर और उसकी नमकीन मध्य प्रदेश से यहां सप्लाई की जा रही है। इसमें कैंसर को जन्म देने वाला तत्व टेट्राजीन रसायन मिले होने की पुष्टि खाद्य विश्लेषक, राजकीय खाद्य प्रयोगशाला लखनऊ और केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला कोलकाता की परीक्षण रिपोर्ट में हुई हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले भर से 420 नमूना जांच के लिए भेजे थे। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद विभाग ने यह बड़ी कार्रवाई की है।
मिलावटखोर लोगों के स्वास्थ से खुल्लम-खुल्ला खेल खेल रहे हैं। खाद्य सामग्री में ऐसे घातक तत्वों की मिलावट की जा रही है, जो कैंसर जैसी बीमारी को जन्म देते है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में अलग-अलग स्थानों से एकत्र करके 420 नमूना परीक्षण को लखनऊ स्थित राजकीय खाद्य प्रयोगशाला और कोलकाता की केंद्रीय खाद्य प्रयोगशाला में भेजे थे। दोनों ही प्रयोगशालाओं में नमूनों का परीक्षण किया गया। परीक्षण रिपोर्ट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। खुली हरी मटर और उससे तैयार की गई नमकीन में कैंसर पैदा करने वाला घातक तत्व टेट्राजीन रसायन मिला हुआ पाया गया। इस रंग के प्रयोग पर सरकार ने पहले ही प्रतिबंध लगा रखा है। कैंसर के अलावा इस रंग से मिले खाद्य पदार्थ का सेवन किए जाने से मानव का तंत्रिका-तंत्र पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
सहायक आयुक्त खाद्य डॉक्टर गौरी शंकर ने बताया, खुली मटर और उससे बनाई गई नमकीन की जिले में अधिकांश सप्लाई गैर प्रांतों से हो रही है। मध्य प्रदेश से अधिक आपूर्ति की जा रही है। उन्होंने बताया, जिले में हरी मटर नमकीन पैक्ड, खुली, ब्रांडेड और नॉन ब्रांडेड की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई गई है। इसका भंडरण भी प्रतिबंधित किया गया है। अगर कोई हरी मटर नमकीन पैक्ड, खुली, ब्रांडेड और नॉन ब्रांडेड की बिक्री करेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की सुनिश्चित की जाएगी।