-होटल और आश्रमों की छवि हो रही खराब, तीर्थ यात्रियों को हो रही मानसिक पीड़ा
-गूगल पर डाले अपराधियों ने अपने मोबाइल नंबर, तीर्थ यात्रियों से ऐंठ रहे धनराशि
मनोज चौधरी, aaditya mangal news

-ठाकुर बांके बिहारी जी के धाम में अपराधी आश्रम और होटलों में अपराधी ठहरने के लिए कमरों की एडवांस बुकिंग कर रहे हैं। इसके लिए गूगल की मदद ले रहे है। आश्रम और होटल पर पहुंचने पर तीर्थ यात्रियों को मालूम हो रहा है कि उनका न कमरा बुक हुआ और न भोजन की व्यवस्था ही की गई। एडवांस बुकिंग के नाम पर उनके साथ ठगी की गई है। ऐसे ही एक मामले की वृंदावन के प्रमुख आश्रम के प्रबंधक ने कोतवाली में अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट लिखाई है।
अपराधियों ने ठगी के लिए वृंदावन के आश्रम और होटलों को निशाना बनाना आरंभ कर दिया है। गूगल पर उन्होंने आश्रम के फोटो और अन्य सुविधाओं को उल्लेख करते हुए अपने मोबाइल नंबर अंकित कर दिए हैं। देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा विदेश से आने वाले यात्री जब गूगल पर वृंदावन में प्राप्त होने वाली सुविधाओं को सर्च करते हैं, वह इन ठगों के संपर्क में आ जाते हैं। ठग उनको अपने शब्द जाल में फंसा कर उनको वृंदावन भ्रमण के दौरान बेहतर सुविधा देने के लालच देकर अपने जाल में फंसा लेते हैं। होटल और आश्रम में ठहरने के लिए कमरों की एडवांस बुकिंग कराने के नाम पर धनराशि ऐंठ लेते हैं। जब तीर्थयात्री होटल और आश्रम में पहुंचते हैं, तब उनको मालूम होता है कि उनका कोई कमरा यहां बुक नहीं कराया गया है। साथ ही जिन सुविधाओं को देने का वायदा किया गया था, वह भी उनको नहीं मिलने वाली है। ऐसे में वह संकट में फंस जाते हैं।
वृंदावन में रमण रेती स्थित प्रमुख बालाजी आश्रम के कमरों की अपराधियों ने बुकिंग कराई। तीर्थयात्रियों से धनराशि ऐंठ ली। जब तीर्थ यात्री आश्रम में पहुंचे तो उनका कोई कमरा यहां बुक नहीं किया गया। उनके साथ ठगी की गई। बालाजी आश्रम के प्रबंधक कपिल ने वृंदावन कोतवाली में तीर्थयात्रियों के साथ की जा रही कमरों की एडवांस बुकिंग के नाम पर ठगी का मुकदमा लिखाया। इसमें कहा गया है कि उनके आश्रम के नाम पर कमरे बुक कराए जा रहे हैं। बुकिंग करने वालों ने अपने मोबाइल नंबर भी इस पर गूगल पर अंकित कर दिए हैं। ठगी के शिकार तीर्थ यात्रियों को आर्थिक नुकसान तो हो रहा है। साथ ही साथ उनको मानसिक कष्ट भी पहुंच रहा है। वहीं दूसरी तरफ आश्रमों की छवि भी खराब हो रही है।
-आश्रम में कमरे बुकिंग कराने के नाम पर तीर्थ यात्रियों से ठगी किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसकी विवेचना की जा रही है।-विजय कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी
-धार्मिक स्थलों पर अपराधियों का ये नया ट्रेंड : अपराधियों ने यात्रियों को अपने जाल में फंसा कर उनके साथ ठगी करने के लिए मथुरा को ही निशाना नहीं बनाया है। धार्मिक स्थलों पर प्रमुख आश्रम और होटलों में एडवांस बुकिंग कराने के नाम पर ठगी का नया ट्रेंड अपराधियों ने अपनाया है। उत्तर प्रदेश के अलावा उत्तराखंड और राजस्थान में भी अपराधी तीर्थयात्रियों को होटल और आश्रमों में ठहरने के नाम पर ठगी कर रहे है।








