
-आइजी पहुंचे बार्डर पर, शांति व्यवस्था को लेकर बैठकों का दौर शुरू
-मेवात के नूंह में हुआ था हमला, परिक्रमा मार्ग पर पुलिस कर रही गश्त
आदित्य मंगल न्यूज मथुरा : हरियाणा के नूंह जिले में विश्व हिंदू परिषद की शोभायात्रा पर हुए हमला और ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा लगा रहे परिक्रमार्थियों का सोमवार रात को हाईवे पर जाम लगा कर प्रदर्शन करने की घटना के बाद जिले भर में पुलिस अलर्ट हो गई है। उत्तर प्रदेश की सीमा में होकर गुजरने वाले परिक्रमा पर परिक्रमार्थियों की सुरक्षा के लिए पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। आइजी दीपक कुमार और एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बार्डर क्षेत्र के गांवों का दौरा किया। कामर गांव में ग्रामीणों के साथ बैठक की। इधर, एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह और सीओ सिटी अभिषेक तिवारी ने शहर कोतवाली में प्रमुख लोगों की बैठक भी बुलाई। सभी थाना क्षेत्रों में प्रमुख लोगों की बैठक बुलाकर अफवाहों पर ध्यान नहीं दिए जाने की अपील पुलिस कर रही है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी निगाहें बनी हुई है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का संकेत भी पुलिस के आला अधिकारियों ने साफ तौर पर दिया है। आइजी और एसएसपी ने कहा कि अफवाह फैला कर जिले की शांति व्यवस्था को पलीता लगाने की कोशिश करने वाले का बख्शा नहीं जाएगा।
ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा की सीमा में होकर गुजरती है। हरियाणा के मेवात नूंह में विहिप की शोभायात्रा पर समुदाय विशेष के लोगों ने किए हमले के बाद परिक्रमार्थी भी दहशत में आ गए थे। आक्रोशित परिक्रमार्थियों की भीड़ रात को हाईवे पर जमा हो गई थी। थाना प्रभारी कोसीकलां अनुज राणा ने स्थिति को संभाल लिया था और आइजी और एसएसपी के पहुंचने पर मामला शांत हो गया था। आज सुबह आइजी और एसएसपी के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कोसीकलां क्षेत्र के बार्डर पर पहुंचे। परिक्रमा मार्ग का जायजा लेने के बाद गांव कामर में बैठक की। ग्रामीणों के साथ बैठक करने के बाद आइजी ने बताया, हरियाणा राज्य में हुई हिंसा के दृष्टिगत, चौकी गढी बरबारी ग्राम कामर शांति सदभाव को सुदृढ रखने के लिए क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों के साथ मीटिंग की। लोगों को बताया कि वह अफवाहें न फैलाने दे और न उस पर ध्यान दिया जाए। वहीं दूसरी तरफ एसपी सिटी एमपी सिंह ने सीओ सिटी अभिषेक तिवारी के साथ शहर कोतवाली की भरतपुर गेट पुलिस चौकी पर शांति कमेटी की बैठक बुलाई। सभी लोगों को समझाया गया कि वह शांति बनाए रखे और अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों की तत्काल सूचना पुलिस को दे।
-जोन का फोर्स सक्रिय : आइजी ने बताया कि जोन के फोर्स को सक्रिय कर दिया गया। जिले में अतिरिक्त फोर्स तैनात किया गया है। जिले के मेव जाति के गांवों पर नजर रखी जा रही है। संबंधित थानों को अलर्ट किया गया है।








