आयकर विभाग के बाबू को जिंदा ही यमुना में फेंका

अमित शर्मा, आदित्य मंगल न्यूज

आयकर विभाग के बाबू को यमुना में पुल के ऊपर से जिंदा फेंका गया था। फेंकने से पहले उनको खूब शराब पिलाई गई थी। ये सब घटना बाबू की पत्नी के इशारे पर उसके प्रेमी ने ही थी। पुलिस ने हत्यारोपित को गिरफ्तार करके बाबू की हत्या का राजफाश कर दिया। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस पत्नी की तलाश जारी है।

घटना का पर्दाफाश करते हुए एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया, पांच जुलाई की रात को आयकर विभाग में तैनात अलीगढ़ जिले के थाना भटौटी निवासी अनुराग चौधरी (42) गायब हो गया। वह अपने परिवार के साथ गांव अडूकी रोड बलदाऊ धाम कालोनी रहता था। सबेरे आकर उसकी पत्नी मोनिका सिंह ने थाना हाईवे में अपने पति के लापता होने की तहरीर दी। पुलिस ने सीसी टीवी आदि खंगाले और लोगो से पूछताछ की। इसी बीच अरविंद कुमार ने अनुराग की हत्या का शक जाहिर करते हुए थाना गोंडा के गांव गिडोरा निवासी रविन्द्र उर्फ राहुल और अनुराग की पत्नी मोनिका सिंह का नाम लिया। एसएसपी ने बताया, राहुल को पकड़ कर पूछताछ की तो उसने अपने जुर्म का इकबाल कर लिया। राहुल के बयान के आधार पर मोनिका सिंह की तलाश जारी है।

 

-ये था घटनाक्रम

रविन्द्र  उर्फ राहुल बिजली का काम करता था और करीब एक साल पहले अनुराग के घर की वायरिंग का काम उसी ने किया था । तभी से उसका मृतक अनुराग चौधरी के घर पर आना जाना था और मृतक की पत्नी और अभियुक्त रविन्द्र दोनो के बीच अवैध सम्बन्ध बन गये थे जिसकी जानकारी अनुराग को हो गयी थी इस बात को लेकर आये दिन शराब पीकर अनुराग द्वारा अपनी पत्नी के साथ मारपीट की जाती थी । यह बात मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी रविन्द्र को बताती थी तो रविन्द्र ने अनुराग को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया और अपनी प्रेमिका(मृतक की पत्नी) को बताया तो मृतक की पत्नी उसके प्लान से सहमत हो गई। पूर्व योजना के अनुसार रविन्द्र ने पहले राहुल को खूब शराब पिलाई। उसके बाद अनुराग को वह स्कूटी पर बैठ कर कृष्णा पूरी स्थित यमुना नदी के पुल पर ले गया और नीचे नदी में फेंक दिया।

इस टीम ने किया खुलासा: हाईवे थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश चन्द्र त्रिपाठी,  निरीक्षक  पुष्पेन्द्र पाल सिंह चौहान, उपनिरीक्षक अमित आनन्द,  राजवीर सिंह, सर्विलांस सेल के कांस्टेबल  सुमित सिंह, थाना हाईवे के कांस्टेबल प्रदीप कुमार,  विशाल तोमर।