द्वार पर हत्या, चीख तक न निकलने दी हत्यारों ने

मनोज चौधरी

घर के द्वार पर बिछी खाट पर सो रहे एक 55 वर्षीय ग्रामीण की हत्यारों ने मुख से चीख तक नहीं निकलने दी। सिर के ऊपर किसी वस्तु से ताबड़तोड़ वार करके ग्रामीण को कब मौत के घाट उतार गए। घरवालों और आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लग पाई। सबेरे अपने पति को जगाने आई पत्नी ने खून से लथपथ निढाल पड़े जीवनसाथी को देखा तो वह  पछाड़ खा कर धरती पर गिर पड़ी। तब कहीं जाकर इस हत्याकांड की खबर जंगल की आग की तरह चारो और फैल गई। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय अधिनस्थ अधिकारियों के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए । मौका-मुआइन कर पुलिस की चार टीम गठित करके हत्यारों की पहचान कर तलाश में लगाई। पीड़ित परिवार ने हत्याकांड की अज्ञात में रिपोर्ट थाना रिफाइनरी में लिखाई।

टाउन शिप के करीब शिव शक्ति एनक्लेव कालोनी में थाना बलदेव क्षेत्र के गांव सराय के रहने वाले धर्मवीर (55) का मकान है।  काफी समय से वे अपने परिवार के साथ यहीं रहते थे। रात को खाट बिछा कर धर्मवीर अपने द्वार पर सो रहे थे। रात को उनकी हत्या कर दी गई। उनके सिर पर भारी वस्तु से प्रहार किए गए थे।

धर्मवीर की हत्या को लेकर परिवार वालों ने किसी पर कोई आशंका नहीं जताई है। हत्या के पीछे के कारणों का पता किया जा रहा है। इसके लिए पुलिस की चार टीम लगाई गई है।-एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय