अमित शर्मा, आदित्य मंगल न्यूज
मथुरा-वृंदावन मार्ग पर वात्सल्य ग्राम के सामने शनिवार को वर्मा नर्सिंग होम में ऑपरेशन के दरम्यान एक युवती की मौत हो गई। घटना को लेकर पीड़ित परिवार के लोगों ने हंगामा किया। भीड़ मुख्य मार्ग पर आ गई। इससे यातायात भी प्रभावित रहा। वे डॉक्टर के ऊपर ऑपरेशन में लापरवाही करने का आरोप लगा रहे थे। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
थाना फरह क्षेत्र के गांव बाकलपुर की प्रिया (18) अपेंडिक्स से पीड़ित थी। स्वजन ने उसे मथुरा-वृंदावन मार्ग पर वात्सल्य ग्राम के पास एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया। डॉक्टर ने स्वजन को ऑपरेशन कराने की सलाह दी। स्वजन भी राजी हो गए। ऑपरेशन के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। स्वजन ने बेटी की मृत्यु को लेकर हंगामा करना शुरू कर दिया। साथ ही ऑपरेशन करने में लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया। भीड़ मथुरा-वृंदावन मार्ग पर आ गई। इससे यातायात प्रभावित हो गया। हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को नर्सिंग होम से निकाल कर भिजवा दिया।
हंगामा की सूचना पर वृंदावन कोतवाली का फोर्स नर्सिंग होम पर पहुंच गया। इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया, परिवार के लोग आ गए थे। वार्ता की जा रही है। अभी इस मामले में कोई प्रार्थना पत्र उनको नहीं मिला है।








