
मनोज चौधरी, aaditya mangal news
मंडी समिति चौराहे पर शुक्रवार की रात को दुकान बंद कर जा रहे एक दुकानदार को महेंद्र नगर के मोड़ पर आधा दर्जन हथियारबंद लोगों ने मारपीट कर दी। व्यापारी के हाथ पैर तोड़ दिए और नकदी व गहने लूट कर ले गए। शनिवार की सुबह अन्य व्यापारियों को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने अपनी दुकानों को बंद कर दिया। दोपहर तक बाजार बंद रहा । पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान खोले।
कृष्णापुरम कालोनी निवासी ब्रज लाल की मंडी समिति सौंख रोड पर परचून की दुकान है। उनका आरोप है , शुक्रवार को एक महिला और युवक दुकान पर आए थे। उस समय दुकान पर उनका पुत्र योगेश अग्रवाल बैठे थे। युवक ने चौथ मांगी। योगेश ने देने से इंकार कर दिया। इस पर महिला ने थाना हाईवे की मंडी चौकी पर झूठी शिकायत कर दी। बाद में लोगों ने राजीनामा करा दिया। रात करीब नौ बजे योगेश दुकान बंद कर घर के लिए जा रहा था। पहले से महेंद्र नगर के मोड़ पर घात लगाकर बैठे आधा दर्जन हथियार बंद लोगों ने योगेश को पकड़ लिया। उसके हाथ पैर तोड़ दिए। 22 हजार रुपये नकद और एक सोने की चैन लूट ली। आज सुबह इसी घटना को लेकर व्यापारियों ने अपनी दुकान बंद कर दी और हंगामा किया। घटना की तहरीर घायल व्यापारी के पिता ने थाना हाईवे में दी।
ये है चर्चा: मंडी पर घटना को लेकर चर्चा थी कि एक महिला योगेश की दुकान पर प्लास्टिक का तशला लेने आई। महिला ने तशला को दबा कर देखा तो वह टूट गया। इसी बात पर हुई तकरार बाद में तूल पकड़ गई थी।
-इस मामले में मुकदमा दर्ज हो गया। आरोपियों की जानकारी की जा रही है।- निरीक्षक क्राइम दिनेश चंद, थाना हाईवे।








