एक्सप्रेस वे पर मुठभेड़, तीन बदमाश घायल

मनोज चौधरी,

यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार की सुबह माइल स्टोन 101 पर पुलिस और बदमाशों का आमना सामना हो गया। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में तीन बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। चार को पकड़ लिया गया। ये बदमाश यमुना एक्सप्रेस वे पर चलते वाहनों के ऊपर पथराव करके लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे। यात्रियों से लूटा गया समान भी बरामद हुआ है।

गिरफ्तार किए गए बदमाश

एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन ने बताया कि सुबह करीब साढ़े तीन बजे थाना माट ,थाना सुरीर थाना जमुनापार और एसओजी की संयुक्त टीम की बदमाशों से माइल स्टोन 101 के पास सर्विस रोड पर मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में राहुल पुत्र विशंभर निवासी गांव सामोली थाना सुरीर,  बोसू पुत्र सलीम निवासी मिढाकुर थाना  मलपुरा आगरा औऱ जल सिंह पुत्र समय सिंह निवासी सकराया थाना जैत घायल हुए है। थाना सुरीर क्षेत्र के गांव समोली निवासी लुच्चा बाज उर्फ फिरोज पुत्र बृजेश उर्फ लल्लूआ, मिढाकुर निवासी पुच्ची उर्फ सुलेमान पुत्र सलीम, कस्बा राया के डेरा निवासीगण अशफाक पुत्र पप्पू अजय पुत्र पप्पू को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि इसी गिरोह ने 29.मई 2023 को सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 89 पर लूट की घटना को अंजाम दिया था। एक जून को थाना जमुनापार क्षेत्र में लूट की थी। बदमाशों से  दो सोने की अंगूठी, पांच हजार रुपये, माइल स्टोन107 पर हुई लूट की घटना के दस हजार रुपये, एक लैपटॉप, एटीएम,आधार कार्ड आदि बरामद किया गया है। घटना स्थल से चार तमंचा, कारतूस और खोखा भी मिले हैं।