मथुरा में पुलिसकर्मियों को कुचलने की कोशिश, दो गिरफ्तार

मनोज चौधरी, आदित्य मंगल न्यूज

थाना गोविंद नगर पुलिस ने गिरफ्तार किए चोर

नई बस्ती में चोरी का सामान बेचने जा रहे चोरों ने अमरनाथ कालेज के पास पुलिसकर्मियों के ऊपर छोटा हाथी चढ़ा कर उनको कुचलने की कोशिश की। गनीमत रही कि इस बीच छोटा बंद हो गया और पुलिस ने घेराबंदी करे दोनों को दबोच लिया। आरोपितों ने गांव पालीखेड़ा के समीप चल रहे बिजली के कार्य स्थल से सामान चुराया था। पुलिस न चुराया सामान भी बरामद कर लिया।
थाना गोविंद नगर प्रभारी ललित भाटी ने बताया कि एसएसपी शैलेश पांडेय के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी बीच उनको सूचना मिली कि एक छोटे हाथी में कुछ लोग चोरी का सामान बेचने के लिए नई बस्ती की तरफ जा रहे हैं। यहां कबाड़े की खरीद-फरोख्त का कार्य अधिक होता है। उपनिरीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस टीम के साथ छोटे हाथी की घेराबंदी की। नई बस्ती के जाने वाले अमरनाथ कालेज के रास्ते पर पुलिस टीम ने छोटे हाथी को पकड़ने के लिए अपना जाल बिछाया। पुलिस ने छोटे हाथी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने तेजी से पुलिसकर्मियों की ओर छोटे हाथी को दौड़ाया, लेकिन खराबी आने से वह बंद हो गया। पुलिस ने छोटे हाथी में सवार गांव सलेमपुर निवासी नागेंद्र और अलीगढ़ जिले के थाना गोंडा क्षेत्र की छोटा बल्लभ निवासी विकास कुमार को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ललित भाटी ने बताया, पूछताछ में दोनों आरोपितों ने पुलिस को पालीखेड़ा के पास चल रहे बिजली के कार्यस्थल से एक रसोई गैस सिलेंडर, एक वैल्डिंग गैस सिलेंडर, लोहे ही सीढ़ी, सरिया, लोहे की एंगल और करीब दस किलो ग्राम नट बोल्ट चोरी करने की जानकारी दी। चुराए गए सामान को आरोपित नई बस्ती में कबाड़े में बेचने के लिए जा रहे थे। गिरफ्तार करने वाली टीम में हैड कांस्टेबल अमित शर्मा, इंद्रवीर सिंह और राजकुमार भी शामिल रहे। दोनों आरोपितों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है।