
विक्रांत चौधरी, आदित्य न्यूज मंगल
थाना बलदेव क्षेत्र के एक गांव से एक किशोरी को बहला- फुसलाकर अगवा कर ले जाने के आरोपी को पुलिस ने बुधवार को यमुना एक्सप्रेस वे के गांव दौलतपुर स्थित अंडरपास से करीब ढाई किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी संजय कुमार त्यागी ने बताया, गांव गढ़सौली का रहने वाला 35 वर्षीय चंद्रपाल एक किशोरी को बहला-फुसला कर अगवा कर ले गया था। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय के निर्देश पर उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार की अगुवाई में आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए एक टीम गठित की गई थी। आज पुलिस टीम को आरोपी की लोकेशन गांव दौलतपुर स्थित यमुना एक्सप्रेस वे के अंडरपास के पास मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी करके चंद्रपाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 2.800 ग्राम गांजा भी बरामद हुआ। थाना प्रभारी ने बताया, आरोपित गांजे की खरीद-फरोख्त में भी संलिप्त था। आरोपी चंद्रपाल के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में भी मुकदमा लिखा गया है।








