मथुरा में कलेक्शन एजेंट से लूट

-पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

मनोज चौधरी, आदित्य मंगल न्यूज : अलीगढ़ जिले की सत्या माइक्रो कैपिटल लिमिटेड कंपनी के कलेक्शन एजेंट से 17 मई को नकदी लूटकर भागे तीन लुटेरों को सुरीर कोतवाली पुलिस ने सर्विलांस सेल के सहयोग से शुक्रवार को

फाइनेंस कंपनी के एजेंट से हुई लूट में गिरफ्तार किए गए बदमाशों की जानकारी देते एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय

गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपितों से नकदी, मोटरसाइकिल और तमंचा बरामद हुए है।
आगरा के थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के नगला सराय निवासी सोनवीर सिंह अलीगढ़ जिले की सत्या माइक्रो कैपिटल लिमिटेड कंपनी के कलेक्शन एजेंट है। वह 17 मई को कंपनी के वितरित किए ऋण का कलेक्शन करने के लिए गांव भगत नगरिया आए और यहां से गांव जरारा के लिए जा रहे थे। गांव शीशगढ़ी के निकट वह लघुशंका करने के लिए रुक गए। इसी बीच एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाश आए और उनके ऊपर तमंचा तान दिया। डरा धमकाकर रुपयों से भरे बैग को लूटकर भाग गए। बैग में 78 हजार रुपये, एक टैब और मोबाइल फोन रखा हुआ था। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया, लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक सुरीर नरेंद्र यादव और सर्विलांस सेल प्रभारी विकास शर्मा की टीम को लगाया गया। पुलिस टीम ने लूटपाट की वारदात करने के लिए आए दीपू उर्फ मानवेन्द्र पुत्र रमेश सिंह, भोलू उर्फ नागेन्द्र सिंह पुत्र पूरन सिंह और कोमल पुत्र रोहन सिंह को गांव तेहरा के जंगल से गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपित थाना जमुनापार क्षेत्र के गांव गढ़ी मोहनपुर हयातपुर के रहने वाले है। जो यहां लूटपाट की योजना बना रहे थे।

– ये था वारदात का तरीका : आरोपितों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह बुलट और अपाचे मोटरसाईकिल से बदल-बदल कर लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे। वह फाइनेंस कंपनियों के एजेंटों की पहले निगरानी करते थे। जब वह कलेक्शन करके लौटते थे, तभी लूट लेते थे। वारदात के समय मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट बदल लेते थे।

-ये हुई बरामदगी : एक अपाचे, एक बुलट मोटरसाइकिल, 50,500 रुपये, एजेंट का बैग, मोबाइल, दो तमंचा और एक चाकू।