
मनोज चौधरी, आदित्य मंगल न्यूज : दो साल पहले पुलिस की घेराबंदी से बचकर भागा गो-तस्कर बुधवार रात को नंदगांव मार्ग स्थित गांव जाव चौराहे पर पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। गो-तस्करी की फिराक में यहां आए आरोपित की लोकेशन मिलने पर नाकाबंदी की गई थी। खुद को पुलिस के जाल में फंसा देख आरोपित ने फायरिंग कर दी थी । जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। पैर में गोली लगने से गो-तस्करी का आरोपित घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोसीकलां में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपित के विरुद्ध थाना कोसीकलां और बुलंदशहर में भी मुकदमा दर्ज हैं।
थाना कोसीकलां के उपिनरीक्षक संतोष कुमार पुलिस टीम के साथ 27 मई 2021 को गश्त पर थे। पुलिस को जानकारी हुई कि हुलवाना-बठैन मार्ग पर टाटा 407 में गाय लाद कर तस्कर आ रहे है । पुलिस ने गोतस्करों का पीछा किया। तस्कर टाटा 407 को लेकर गांव हुलवाना की तरफ भागे। एक मकान के पास टाटा 407 फस गई और तस्कर उतर कर भाग गए। पुलिस ने आधा दर्जन गायों को मुक्त कराया और टाटा-407 को जब्त कर लिया। तभी से पुलिस गोतस्करों की तलाश में लगी हुई थी। एसएसपी शैलेष कुमार पांडेय ने गोतस्करों की गिरफ्तारी के लिए थाना प्रभारी अनुज कुमार राणा को फरार गोतस्करों की तलाश के निर्देश दिए। इस संबंध में एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार पुलिसकर्मियों की मीटिंग भी बुलाई थी। पशु वध और उनकी तस्करी को लेकर की जाने वाली कार्रवाई को लेकर वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी ने पुलिस टीम को ब्रीफ भी किया था। इसके सुखद परिणाम दस-बारह घंटे बाद ही सामने आ गए। थाना कोसीकलां प्रभारी अनुज कुमार राणा की टीम ने रात को नंदगांव मार्ग स्थित गांव जाव चौराहे पर गोतस्करी की फिराक में आए बुलंदशहर के थाना अरनिया क्षेत्र के गांव रोहिंदा निवासी शौकीन पुत्र झंडू उर्फ दसोई बंजारा को घेर लिया। मुठभेड़ में शौकीन घायल हुआ है।
-जाव चौराहे पर थाना कोसीकलां पुलिस टीम की रात को गोतस्करों से मुठभेड़ हो गई। गोली लगने से एक गो तस्कर घायल हुआ है। उसको उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोसीकलां में भर्ती कराया गया है। आरोपित से अभी पूछताछ की जाएगी। -शैलेष कुमार पांडेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा
ये हुर्ह बरामदगी
-एक तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, एक चोरी की मोटरसाइकिल








