ईको पेड़ से टकराई चार की मौत, एक घायल

 

मनोज चौधरी, आदित्य मंगल
——————————–

निचली मांट ब्रांच खंड गंग नहर की पटरी पर बुधवार की सुबह एक ईको कार पेड़ से टकरा गई। कार में सवार पांच युवकों में चार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और एक घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल से आगरा रेफर किया गया है। एसएसपी शैलेष पांडेय भी जिला अस्पताल पहुंचे। मरने वालों में दो युवक कस्बा बलदेव और दो गांव आंगई के रहने वाले थे।
कस्बा बलदेव निवासीगण योगेश (20), अंकित (20), गांव आंगई निवासीगण अचल (20) और आकाश (22) ईको कार से कस्बा बलदेव निवासी शैलेंद्र के साथ सुबह एआरटीओ कार्यालय के लिए निकले। उनको अपने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने थे। निचली मांट ब्रांच खंड गंग नहर की पटरी पर सामने से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने की कोशिश करते समय कार अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा टकराई। योगेश, अंकित, अचल और आकाश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और शैलेंद्र घायल हो गए। उनको पुलिस ने जन सहयोग से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसएसपी शैलेष पांडेय ने बताया, हादसे में चार लोगों की मृत्यु हुई है। घायल को बेहतर उपचार के लिए उसके परिजन आगरा ले गए है। आगरा भी बातचीत हो गई है।