वृंदावन :
धौरेरा गाँव में चल रही भागवत कथा रविवार को धार्मिक जागरण के साथ-साथ सामाजिक संदेश का मंच भी बन गई। कथा पांडाल में उपस्थित सैकड़ों भक्तों को संबोधित करते हुए श्री कृष्ण जन्मभूमि केस के हिंदू पक्षकार एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने सनातन समाज की एकजुटता पर जोर दिया। कथा व्यासपीठ पर भगवताचार्य राकेश जी महाराज विराजमान थे।

अपने संबोधन में महेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि सनातन की मजबूती के लिए सनातनियों का एकजुट होना अत्यंत आवश्यक है और यही समय की मांग है। उन्होंने कहा कि साढ़े तीन सौ से अधिक विधर्मियों के संगठन विश्व स्तर पर हिंदू समाज के विरुद्ध कार्य कर रहे हैं। ऐसी परिस्थितियों में समाज को संगठित और सजग रहने की जरूरत है।
उन्होंने लव जिहाद और लैंड जिहाद का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक और सांस्कृतिक चुनौतियों का सामना केवल एकजुट होकर ही किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आपने केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार बनाकर अच्छा कार्य किया है और यह आगे भी जारी रहना चाहिए।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का टकराव नहीं, बल्कि न्यायालय के माध्यम से समाधान है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मस्जिद हटाकर वहां भव्य मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने उपस्थित भक्तों से पूछा कि कौन-कौन श्रीकृष्ण जन्मभूमि के दर्शन कर चुका है, जिस पर बड़ी संख्या में लोगों ने हाथ उठाकर समर्थन जताया।
महेंद्र प्रताप सिंह ने विदेशी आक्रांता औरंगजेब का उल्लेख करते हुए कहा कि श्री कृष्ण जन्मभूमि मंदिर तोड़कर को वहां मस्जिद का निर्माण करवा दिया और यहां से विग्रह ले जाकर आगरा की जामा मस्जिद की सीढ़ियों में लगाए गए। मस्जिद को हटाकर वहां पुनः मंदिर का निर्माण कराने और आगरा से भगवान के विग्रहों को वापस लाने के लिए न्यायालय में मुकदमा दायर किया गया है। इस मामले की अगली सुनवाई 12 मार्च को निर्धारित है। उन्होंने दावा किया कि न्यायालय में ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किए गए हैं और उन्हें मुकदमा जीतने का पूरा विश्वास है।
उन्होंने बताया कि 23 दिसंबर 2020 को दायर वाद के बाद से यह कानूनी संघर्ष अब जनजागरण अभियान का रूप ले चुका है। “चलो गांव की ओर” और “श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति ज्योति यात्रा” के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों से संपर्क कर समर्थन जुटाया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित श्रद्धालुओं ने हाथ उठाकर मंदिर निर्माण के समर्थन में सहमति जताई और सनातन धर्म की रक्षा का संकल्प लिया।
भोपाल की घटना की निंदा, सख्त कार्रवाई की मांग
भोपाल में कथित तौर पर कुछ मुस्लिम युवतियों द्वारा हिंदू युवतियों को नौकरी का झांसा देकर फंसाने और बाद में उनके साथ दुष्कर्म करवाने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है।
इस घटना की श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए और पीड़ित युवतियों को न्याय मिलना चाहिए।








