“जन्मभूमि विवाद पर बड़ा ऐलान — न्यायालय से न्याय का भरोसा”

मोहित विश्वकर्मा मथुरा

मथुरा। जिले के पैगांव धाम में आयोजित हिंदू विराट सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीकृष्ण जन्मभूमि बनाम शाही ईदगाह मस्जिद प्रकरण के हिंदू पक्षकार व श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। मंच पर वृंदावन के संत सत्यमित्रानंद जी महाराज और श्याम जी महाराज भी मौजूद रहे।

श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति न्यास अध्यक्ष महेन्द्र प्रताप सिंह एडवोकेट

सम्मेलन में श्रीकृष्ण जन्मभूमि को मुक्त कराने के विषय पर संतों व अधिवक्ता के बीच विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि मुगल आक्रांताओं ने बार-बार मथुरा पर आक्रमण कर यहां की संस्कृति व सभ्यता को नष्ट करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि औरंगजेब ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर को ध्वस्त कर वहां मस्जिद का निर्माण कराया तथा विग्रहों को जामा मस्जिद आगरा की सीढ़ियों में लगवा दिया।

उन्होंने कहा कि मस्जिद हटाने और विग्रहों को वापस लाने की मांग को लेकर वह न्यायालय में मुकदमा लड़ रहे हैं। कोर्ट में ठोस साक्ष्य प्रस्तुत किए जा चुके हैं और उन्हें न्याय मिलने का विश्वास है। उन्होंने इसे आस्था और सम्मान का विषय बताते हुए शांतिपूर्ण व संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का आह्वान किया।

इस दौरान संत सत्यमित्रानंद जी महाराज ने लोगों को मतदान का महत्व समझाया और समाज से सजग व एकजुट रहने की अपील की।

सम्मेलन के दौरान पूरा परिसर जय श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंजता रहा।