वंदना शर्मा, मथुरा
_____________
पुलिस के अभेद किले में लगभग 20 लाख भक्त 30 और 31 अगस्त को बरसाना में राधारानी का जन्मोत्सव मनाएंगे। राधाष्टमी मेले के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने आज सभी अधिकारियों की ब्रीफिंग की। जॉन और सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने डेरा डाला है।

वन-वे रास्ते से ही श्रद्धालुओं को दर्शन
ब्रीफिंग में अधिकारियों ने बताया कि राधाष्टमी मेले में इस बार वन-वे रास्ते से ही श्रद्धालुओं को दर्शन कराए जाएंगे। श्रद्धालुओं को जगह-जगह रोककर टुकड़ियों के द्वारा राधारानी मंदिर दर्शन के लिए भेजा जाएगा। इससे पहले पिछले सालों की कमियों को ध्यान में रखते हुए इस बार सुधार किया गया है।
सुरक्षा के इंतजाम
संपूर्ण मेला क्षेत्र में सीसीटीवी लगे हुए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को देखते हुए बरसाना को 6 जोन और 18 सेक्टर में विभाजित किया गया है। संपूर्ण मेला क्षेत्र में पार्किंग स्थल, 86 बैरियर लगाए जाएंगे।
अधिकारियों की अपील
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं को धैर्य के साथ दर्शन करना होगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने सभी अधिकारियों से मधुरता से ड्यूटी करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी किसी भी परिस्थिति में धैर्य न खोए और सभी श्रद्धालुओं के साथ मधुर व्यवहार करें।








