नशे के इंजेक्शन के कारोबार का भंडाफोड़, एक मेडिकल स्टोर संचालक गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस ने स्वाट के सहयोग से की बड़ी कार्रवाई

मथुरा, 26 अगस्त। थाना कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम मथुरा ने संयुक्त कार्यवाही में मेडिकल स्टोर की आड़ में नशे के इंजेक्शन बेचने वाले एक अभियुक्त बृजमोहन को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और सिरिंज बरामद की गई हैं।

बरामद सामान में 100 डायजेपाम इंजेक्शन, 200 बुप्रेनॉर्फिन हाइड्रोक्लोराइड इंजेक्शन, 200 फेनिरमाइन मेलेट इंजेक्शन और 600 से अधिक सिरिंज शामिल हैं। अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में पुलिस उपाधीक्षक अंकुर गौतम, प्रभारी निरीक्षक देवपाल सिंह, स्वाट टीम प्रभारी छोटेलाल और अन्य अधिकारी शामिल थे।