निकासा में मामूली बात पर भिडे दो पक्ष, पथराव
– कुर्सी पर बैठने को लेकर रात दस बजे हुआ बवाल
– पुलिस ने संभाली स्थिति, एक पक्ष ने दी तहरीर
मथुरा कोसीकलां। नगर का मोहल्ला निकासा शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। मोहल्ले में आए दिन बवाल और उसके बाद पथराव व बोतलबाजी हो रही है। बीती रात कुर्सी पर बैठने जैसी मामूली बात को लेकर दो पक्ष आपस में भिड गए। जिसके बाद मारपीट और पथराव हुआ। पुलिस को लाठियां फटकारकर हालात संभालने पडे।
मामला शुक्रवार की रात करीब दस बजे मोहल्ला निकासा का है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चौराहे के एक दुकान पर पडी कुर्सी पर बैठने को लेकर शाहबुददीन एवं साजिद के बीच विवाद हो गया। बताते हैं कि यह मामला देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। जिसके बाद दोनों ओर से लोग आमने सामने आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मारपीट के बाद पथराव हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। जिसके बाद जमकर जमकर लाठियां भांजी। जिससे भीड तितर बितर हो गई। पथराव में कुछेक के चुटैल होने की खबर है। बताते हैं कि मामले में साजिद ने थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार निर्वाल ने पथराव की घटना को अफवाह करार देते हुए बताया कि शराब पीकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए थे। दोनों का मेडीकल कराकर कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
——————————








