मथुरा 18 अगस्त 2025 : प्रदेश के सहकारिता मंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपी एस राठौर ने आज सहकारी बैंक के अध्यक्ष, सचिव, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, बैंक, उपमहाप्रबन्धक, बैंक, जिला विकास प्रबन्धक, नाबार्ड, संयुक्त, उप, सहायक आयुक्त एव सहायक निबन्धक, सहकारिता, अपर जिला सहकारी अधिकारियों की वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की। इसमें आयुक्त एवं निबन्धक, सहकारिता, प्रबन्धक निदेशक कोआपरेटिव बैंक ने भी हिस्सा लिया।

बैठक में आम जनमानस जो सहकारिता से नही जुड़े हैं उन्हें सदस्यता ग्रहण कराने के लिये दिनांक एक सितम्बर, 2025 से सदस्यता महाभियान-02 चलाये जाने हेतु निर्देशित किया गया है, इसके तहत् सदस्यों का सहकारी समितियों एवं बैंक में खाता खोला जायेगा इस योजना में प्राथमिक डेयरी समितियों के सदस्यों को भी शामिल किया जायेगा। सहकारी समितियों उर्वरक विक्रय केन्द्रों के क्यूआर कोड बनाये जाने के निर्देश दिये गये, जिसके माध्यम से सही उर्वरक मूल्य का भुगतान कृषक द्वारा किया जा सके, इससे उर्वरकों के कालाबाजारी पर रोक लग सकेगी।
समितियों एवं समिति सदस्यों/कृषकों के कोडिंग कार्य में प्रगति लाये जाने के निर्देश दिये गये इससे प्रदेश के समस्त कृषक सदस्यों को 11 अंकों का विशेष कोड प्रदान किया जायेगा, जिसके लिये समिति के सदस्यों को स्मार्ट प्रदान किया जायेगा। सहकारिता मंत्री द्वारा सहकारी समितियों को प्रदेश की जनता हेतु बहुउपयोगी बनाये जाने हेतु उसके सुदृढ़ीकरण पर विशेष बल दिया गया।
इस अवसर पर मथुरा बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिंह धनगर, जिला विकास प्रबन्धक, नाबार्ड अभिषेक शुक्ला, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक, सहकारिता, विवेक कौशल, बैंक के सचिव मुख्य कार्यपालक अधिकारी दमन लाल शर्मा, उपमहाप्रन्धक,
सुमित कुमार शर्मा, जनपद के समस्त अपर जिला सहकारी अधिकारी आदि उपस्थित रहे।








