मथुरा 21 अगस्त 2025
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने यमुना जी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत तहसील महावन क्षेत्रांतर्गत ग्राम नगला अकोस का निरीक्षण किया। ग्राम नगला अकोस प्रमुख संपर्क मार्गों से

डिस्कनेक्ट हो गया है और यमुना जी ने रास्ते का कटान कर दिया है, जिसके दृष्टिगत गांववासियों के लिए खाना, पीना, भोजन आदि की सुविधा की गई है।

विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, सांसद प्रतिनिधि के जनार्दन शर्मा ,
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी महावन कंचन गुप्ता आदि ने गांव का भ्रमण किया। उन्होंने स्थिति का मौके पर जायजा लिया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने ग्रामवासियों से वार्ता की और उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने सभी से अपील की कि यमुना जी से दूर रहे। आस-पास न जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की मदद/ सहायत हेतु प्रशासन कटिबद्ध है। सभी प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने आम-जनमानस से वार्ता की, समस्याओं की जानकारी ली तथा अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने गांववासियों को अवगत कराया कि ओवरब्रिज का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है, यमुना जी का जलस्तर कम होने एवं शासन से स्वीकृति मिलने के उपरांत कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा, जिससे एक पक्की सड़क का निर्माण हो सकेगा और आवागमन की जो समस्या उत्पन्न हो रही हैं, उससे निजात मिलेगी।
जिलाधिकारी ने नौका विहार एवं ट्रैक्टर के माध्यम से आस पास के क्षेत्र का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामवासियों की हर संभव मदद की जाए। उन्होंने कहा कि अभी गांव में 200 पैकेट बाढ़ राहत सामग्री वितरण कराई जा रही है, शेष जो रह जाएगा उनको भी अगले दिन उपलब्ध करा दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने गांव वालों से समस्याओं के बारे में जानकारी ली और आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन आपके साथ खड़ा है और आप लोगों को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। सारी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। उन्होंने बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया। बाढ़ राहत सामग्री में 10 किलो आटा, 10 किलो चावल, 2 किलो अरहर की दाल, 2 किलो चना, 2 किलो भुना चना, 1 किलो रिफाइंड, 1 किलो सरसों का तेल, 10 बिस्कुट के पैकेट, 1 मग, 1 तिरपाल, 1 बैग, 200 ग्राम हल्दी, 100 ग्राम मिर्च, 200 ग्राम सब्जी मसाला, 1 पैकेट मोमबत्ती, 1 पैकेट माचिस, नहाने के 2 साबुन, कपड़े धोने के 2 साबुन, सैनेट्री 20 पैड, डिस्पोजल बैग 20, 100 ग्राम डिटोल, 1 पीस सूती कपड़ा, 1 तौलिया आदि सामग्री शामिल है, जो लगभग 14 दिन के लिए एक परिवार का भोजन है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पानी के आस-पास वाले गांवों में निरंतर अनाउंसमेंट करते रहे। जिलाधिकारी ने नियमित दूरी में चेतावनी के साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद के अधिकारियों द्वारा निरंतर भ्रमणशील रहकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने जलभराव के क्षेत्रों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी महावन को क्षतिग्रस्त मकानों एवं जलभराव वाले खेतों का सर्वे ससमय पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सर्वे के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी को नियम अनुसार मुआवजा दिया जाए। कोई भी छूटना नहीं चाहिए।
निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी महावन कंचन गुप्ता, तहसीलदार सहित ग्राम प्रधान, सचिव, लेखपाल आदि उपस्थित रहे।








