यमुना हुई मैली, विश्राम घाट पर जल की सतह कचरे से पटी

बरसात के बाद विश्राम घाट पर फैला कचरा, विधायक श्रीकान्त शर्मा ने जताई गहरी चिंता

मथुरा। शनिवार व रविवार को हुई तेज बारिश के बाद मथुरा के पवित्र विश्राम घाट पर नगर क्षेत्र का कचरा बहकर यमुना में समा गया, जिससे घाट की पवित्रता और स्वच्छता पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खुलती दिखी।

इस गंभीर स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए मथुरा-वृन्दावन क्षेत्र के विधायक श्रीकान्त शर्मा ने स्पष्ट कहा कि “माँ यमुना की निर्मलता और घाटों की स्वच्छता से कोई समझौता नहीं होगा।” उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले भी घाटों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि सभी प्रमुख घाटों — विश्राम घाट, स्वामी घाट, गऊ घाट और केसी घाट की सफाई व्यवस्था नियमित हो और किसी भी स्थिति में श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस न पहुंचे। विधायक श्री कांत शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चलाया गया यमुना शुद्धिकरण अभियान केवल एक अभियान नहीं, बल्कि ब्रज की सांस्कृतिक आत्मा से जुड़ा अभियान है। उन्होंने मण्डल आयुक्त आगरा को माँ यमुना की स्वच्छता को गंभीरता से लेने हुए सतत निरीक्षण एवं अधीनस्थ अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही करने हेतु आदेशित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने ब्रजवासियों और श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यमुना में कचरा न डालें, प्लास्टिक मुक्त ब्रज अभियान में सहभागी बनें और घाटों की सफाई में सहयोग करें। स्थानीय सूत्रों के अनुसार सफाई व्यवस्था को लेकर नई रणनीति बनाकर काम किया जा रहा है।