40 दुकानों से अधिक जलकर राख, लाखों रुपयों का हुआ नुकसान

आदित्‍य मंगल, राया: कस्बा राया के रामलीला मैदान स्थित सब्जी मंडी काठ बाजार में सोमवार की रात्रि शार्ट सर्किट से आग लग गयी। इस दौरान रामलीला मैदान रेलवे रोड के सहारे रखे 40 से अधिक काठ के खोखे जलकर खाक हो गये। जिससेे दुकानदारों का लाखों रुपयों का नुकसान हो गया। मौके पर पांच दमकलों और स्थानीय लोगों ने आग पर पानी डालकर बमुश्किल आग पर काबू पाया। सूचना पर मांट महावन तहसील के एसडीएम सीओ पुलिस प्रसाशन मौके पर पहुंच गए।
रात्रि के करीब ग्यारह बजे सब्जी मंडी में लगे विद्युत पोल में शॉर्ट शर्किट से आग लग गयी। इस दौरान केबिल से प्लास्टिक आग के साथ दुकानों के ऊपर टपकने लगी दुकानों के ऊपर पड़े छप्परों ने अचानक आग पकड़ ली देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। राहगीरों द्वारा शोर करने पर आग लगने की जानकारी होते ही घरों में सोते लोग रेलवे रोड की तरफ दौडऩे लगे। सूचना पर थाना प्रभारी अशोक कुमार मय फोर्स के घटनास्थल पर पहुच गए। उन्होंने फायर विग्रेड को घटना की सूचना दी। घटना के एक घण्टे बाद पहुंची दमकलों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया, तब तक सभी दुकानें जलकर खाक हो गयी। इन काठ के खोखों में दुकानदार पवन अग्रवाल, रामू भट्ट, कालीचरन अग्रवाल, भूरा शर्मा, टिल्ला अग्रवाल, रंजीत, अवधलाल, अमरचंद, अशोक, शीलेन्द्र, किशन, पटुआ, वीरपाल, आजाद भोला चन्दा आदि लोग हलवाई, चाय, सब्जी की दुकानें चलाकर अपना गुजारा करते है। घटना की जानकारी होते ही एसडीएम क्षेत्राधिकारी मांट महावन नगर पंचायत अध्यक्ष राजकुमार अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन राकेश शर्मा, रामलीला कमेटी अध्यक्ष भूपेश अग्रवाल, पूर्व विधायक राजकुमार रावत, कांग्रेस पत्याशी मुकेश धनगर, सभासद सरवन अहमद, अमित अग्रवाल सहित व्यापारी वर्ग के लोग व अन्य कई थानों का फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गया। रात को आग बुझाने के बाद सुबह फिर से अचानक आग की लपटें सब्जी मंडी में लगे पेड़ो से निकल पड़ी। जिसकी सूचना पर प्रात: एक दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुच गयी और आग पर काबू पाया। आग लगने के दौरान पेड़ क्षतिग्रस्त हो गए जिन्हें वन विभाग द्वारा काटा गया। इसके बाद नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंच गए और सफाई कार्य मे जुट गए।

लोगों ने दमकल की गाडिय़ां राया में खड़ी करवाने की मांग की
राया के रेलवे रोड पर काठ बाजार में आग लगने के दौरान घटना के एक घण्टे विलंब से पहुची दमकल की गाडिय़ां अगर समय से घटनास्थल पर पहुंच जाती तो इतनी बड़ी जनहानि नही होती। मांट में फायर स्टेशन होने की वजह से दमकल गाडिय़ं एक घण्टे की देरी से पहुंची। राया में दिवाली वाले दिन गोपालबाग मैदान में लगे आतिशबाजी बाजार की घटना सर लोग उबर नही पाए कि यह दूसरी घटना घटित हो गयी। जिसको लेकर क्षेत्रीय लोगो ने दो गाडिय़ां दमकल की थाना राया में खड़ी करवाने की मांग जिलाधिकारी से की है।

दो घण्टा बन्द रहा रेल संचालन
कस्बा राया में रेलवे लाइन के सहारे काठ के खोको में आग लगने की वजह से रेल संचालन दो घण्टे बन्द रहा। अंदर जगह न होने के कारण फायर विग्रेड की गाडिय़ां हाथरस मथुरा मार्ग पर खड़ी होकर रेलवे लाइन के ऊपर से पानी के पाइप से आग बुझा रही थी। इस दौरान कासगंज की तरफ से आने बाली गाडिय़ों को कोयल फाटक तो मथुरा की तरफ से आने वाली गाडिय़ों को रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया । इस दौरान यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।

दमकलें एक घण्टा देरी से पहुचने पर, लोग आक्रोशित
रेलवे रोड के सहारे काठ के खोखो में लगी आग के दौरान फायर स्टेशन पर फोन करने के बाबजूद फायर बिग्रेड की गाडिय़ां एक घण्टा देरी से पहुचने पर पुलिस को आक्रोशित लोगों के कोप का भाजन बनना पड़ा। गुस्साए लोगों ने पुलिस प्रसाशन मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। घटना के एक घण्टे बाद दमकलें राया पहुची और आग पर बमुश्किल काबू पाया तब तक सभी दुकाने धूं-धूं कर जलकर राख हो चुकी थी।

अग्निकांड को लेकर रामलीला क्षेत्र का बाजार पूर्णत रहा बन्द
कस्बे के मध्य रात्रि हुए अग्निकांड को लेकर रामलीला क्षेत्र के व्यापारियों ने अपने अपने प्रतिष्ठान पूर्णत रूप से बंद रहे। अग्निकांड की घटना होने के बाद सुबह लोगो का हुजूम नजारा देखने उमड़ पड़ा। नजारा देखकर लोगो के रोंगटे खड़े हो गए। वही पीडि़त दुकानदारों के माथे पर चिंता की लकीरे खिंच गयी है। कि वह अब अपने परिवार का कैसे पालन पोषण करेंगे।


शासन ने किया नुकसान का आंकलन
कस्बा के रेलवे रोड पर हुए भीषण अग्निकांड में हुए नुकसान का जिला प्रसाशन द्वारा आज सुबह तहसीलदार लेखपाल अग्नि पीडि़त दुकानदारों से मिले और उनसे नुकसान का आंकलन किया। आंकलन में करीब 50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान आंका गया है।