बरसाना की लठामार होली पर बड़ी वारदात की फिराक में आया 50 हजार का इनामी डकैत अलीजान मुठभेड़ में घायल

मनोज चौधरी, मथुरा

बरसाना की लठामार होली पर बड़ी वारदात की फिराक में आया 50 हजार रुपये का इनामी डकैत अलीजान मेव आज तड़के पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।न्यू कामर मार्ग स्थित बम्बा की पुलिया के निकट थाना कोसीकलां पुलिस और एसओजी के एक संयुक्त ऑपरेशन में  बिछाए गए जाल में फंस गया। अलीजान की  उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा पुलिस को भी तलाश थी। वह तीनों ही राज्यों में लूट और डकैती की वारदात करता था।

एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि अलीजान मेव उर्फ लीलो पुत्र नवाब उर्फ नब्बे राजस्थान के डींग जिले के थाना खोह क्षेत्र के गांव कावांन का वास का निवासी है। उत्तर प्रदेश के अलावा वह हरियाणा और राजस्थान में भी लूट और डकैती की वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बरसाना की लठामार होली में शामिल होने के लिए लाखों हुरियारे आ रहे हैं। उनसे लूटपाट की फिराक में वह यहां आया था। किसी भी आपराधिक घटना को रोकने के लिए पहले से ही एसओजी की टीम को इलाके में अलर्ट किया गया था। रात को अपराधियों की लोकेशन मिलने पर एसओजी के साथ थाना कोसीकलां पुलिस ने अपराधियों को पकड़ने के नाकाबंदी की, इसमे ही अलीजान फंस गया। पुलिस ने उसको गिरफ्तार करने की कोशिश की तो वह फायरिंग करने लगा। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां दागी। अलीजान के दोनों ही पैरों में गोली लग गई। घायल को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

ये हुआ बरामद;1- 1

एक तमंचा 315 बोर
तीन जिंदा कारतूस 315 बोर
तीन खोखा कारतूस 315 बोर
एक चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बिना नंबर

इन थानों में दर्ज है एक दर्जन मुकदमा-थाना फरह,  वृन्दावन, थाना सदर जिला पलवल हरियाणा,  थाना बादशाहपुर गुरुग्राम,  हरियाणा,  थाना ट्रांसपोर्ट नगर जिला जयपुर सिटी पूर्व राजस्थान।

2019 से था फरार:

-अलग राज्यों के विभिन्न थानों पर डकैती,लूट, रंगदारी वसूली आदि के 13 मुकदमे पंजीकृत हैं। जनपद मथुरा से 08 मुकदमा में  2019 से फरार चल रहा था ।