प्रधान द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर
नौहझील- कस्बा नौहझील के प्रधान को मरवाने के लिए षड्यंत्र रचा जा रहा है। जिसकी सुपारी मध्यप्रदेश के एक बदमाश को दी गई है। जिसके संबंध में अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर जानकारी प्रधान को दी है। प्रधान द्वारा जान-माल की सुरक्षा हेतु तहरीर पुलिस को दी गई है। इलाका पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी है व नंबर की जानकारी जुटाई जा रही है।
जानकारी अनुसार ग्राम प्रधान नौहझील प्रशांत गुप्ता पर शनिवार शाम 6 बजे एक अंजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि आप प्रशांत प्रधान बोल रहे हैं। आपको मरवाने की सुपारी नौहझील के व्यक्ति द्वारा मध्यप्रदेश के एक बदमाश को दी गई है। आपको एक महीने के अंदर खत्म कर दिया जाएगा।आप भले व्यक्ति हैं इसलिए मैं आपको पहले अवगत करा रहा हूं।आप सतर्क रहें।
वहीं जानकारी देते हुए प्रधान प्रशांत गुप्ता ने बताया कि बीते शनिवार को उनको अंजान नंबर से अंजान व्यक्ति द्वारा मरवाने की सुपारी के बारे में जानकारी दी गई है। उन्होंने इस संबंध में तहरीर इलाका पुलिस को दे जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
वहीं जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन की जा रही है व नंबर की डिटेल खंगाली जा रही है।








