मथुरा: गांव खायरा के जंगल मे रात को गोवध कर मांस लेने की फिराक में आए गोकशों के मंसूबों को स्वाट के सहयोग से सुरीर पुलिस ने नाकाम कर दिया। जंगल में गोकशों के होने की मिली जानकारी पर इनकी घेराबंदी की गई। पुलिस को सामने देखकर गोकशों ने फायरिंग शुरू कर दी। मुठभेड़ में दो गोकश गोली लगने से घायल हो गए। एक को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों पड़ोसी जिले अलीगढ़ के खैर कस्बा के रहने वाले हैं। इन्हीं ने कुछ दिन पहले गांव भदनवारा के जंगल में गोवध की घटना को अंजाम दिया था।
एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन ने बताया, कस्बा खैर के रहने वाले सलीम पुत्र जमील और गुलजार पुत्र शाबू को गोली लगी है। फैज़ान पुत्र इस्लाम को गिरफ्तार किया गया है। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से 315 बोर के दो तमंचा, चार जिंदा और इतने ही खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। गोवध से पहले गाय को बेहोश करने की दवा, सिरिंज, रस्सा, गड़ासा और छुरा के अलावा एक मोटर साइकिल भी मिली है।








