-कोसीकलां-कामा मार्ग पर कार में बैठकर फंसा रहे थे शिकार
-तीन फ्रॉड किए गिरफ्तार, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल और कार की बरामद
मथुराः कोसीकलां-कामा मार्ग (राजस्थान) पर रात लोगों को उत्तेजित करके नग्न वीडियो बनाने के बाद उनको ब्लैकमेल करने वाला (सेक्सटर्सन) गिरोह गुरुवार रात को थाना बरसाना पुलिस के हत्थे चढ़ गया। राजस्थान के कस्बा कामा थाना क्षेत्र के गांव लेवड़ा और उदाका खेड़ा के तीन शातिर एक स्विफ्ट कार में सवार होकर के अपने शिकार फांसने नीयत से यहां आए थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से आधा दर्जन फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल और सिमकार्ड भी बरामद हुए है।
राजस्थान के थाना कामा इलाके के गांव लेवड़ा निवासी आमिर, गांव उदाका खेड़ा के रहने वाले भूरा और जुबैर के साथ रात एक स्विफ्ट कार सवार होकर कोसीकलां मार्ग पर आ गए। तीनों कार में बैठकर वीडियो कॉल कर लोगों को उत्तेजित कर उनके नग्न वीडियो बनाए जाने की कोशिश कर रहे थे। थाना बरसाना के उपनिरीक्षक अजय अवाना को इनकी भनक लग गई। कोसी-कामा मार्ग स्थित नंदगांव तिराहे पर बैरियर लगाकर कार को रोक लिया गया। तीनों के पास आधा दर्जन फर्जी आधार कार्ड, सिमकार्ड, मोबाइल भी मिले। इनके मोबाइल की पुलिस टीम ने जांच की। जांच में कई लोगों के नग्न वीडियो मिले।
-सख्ती पर खोला राजः पुलिस ने पूछताछ की तो वे पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने लगे, पर जब पुलिस ने सख्त रवैया अपनाया तो तीनों ने राज खेल दिया। पुलिस को तीनों ने यह भी बताया, उनका एक संगठित गिरोह है। जिसका कई राज्यों में नेटवर्क फैला हुआ है। अब तक वह कई लोगों को अपने चंगुल में फंसा कर उनसे मोटी रकम भी वसूल कर चुके हैं।








