मथुरा
-गिरफ्तार लुटेरों ने साथियों के संग की थी माइक्रो फाइनेंसकर्मी से 1,32 लाख रुपये की लूट
-थाना छाता पुलिस कर रही तलाश, कोहरे का लाभ उठाकर एक बदमाश फरार
मथुराः बिडावली गांव के पास 28 दिसंबर को सत्या माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी सुरेश सिंह से मारपीट कर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों ने शुक्रवार रात थाना छाता पुलिस और स्वाट के ऊपर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दो बदमाश घायल हो गए और कोहरे का फायदा उठाकर के एक बदमाश भाग गए। घायलों में एक गैंगस्टर शामिल है। गैंग के एक सदस्य ने पहले ही कोर्ट में सरेंडर कर दिया था।
हाथरस जिले के रहने वाले सुरेश कुमार सत्या माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कर्मचारी है। 28 दिसंबर को सुरेश कुमार कंपनी के ग्राहकों से ऋण की वसूली कर लौट रहे थे। थाना छाता इलाके के गांव पिल्हौरा के पास में मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने मारपीट कर 1,32 लाख रुपये, टैबलेट और अन्य सामान लूट लिया था। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने इस घटना का पर्दाफाश करने के लिए थाना छाता प्रभारी त्रिलोकी सिंह और स्वाट प्रभारी अभय कुमार शर्मा को लगाया। थाना प्रभारी त्रिलोकी सिंह को बदमाशों की गांव पिल्हौरा के जंगल में रात को मूवमेंट की खबर मिली। स्वाट टीम के साथ थाना प्रभारी त्रिलोकी सिंह ने बदमाशों की घेराबंदी की। एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन ने बताया, गांव बिडावली का रहने वाला बदमाश बबलू के अपने साथियों के अकबरपुर-तरौली रोड पर पिल्होरा बंबा की ओर आ रहा था। मोटरसाइकिल पर सवार तीनों बदमाशों ने पुलिस के ऊपर जानलेवा हमला करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने फायर किया। इस दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जबकि बबलू मोटरसाइकिल लेकर भाग गया। मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश थाना हाईवे क्षेत्र के गांव नवीपुर निवासी जगदीश सिंह पुत्र विक्रम सिंह और गांव उस्फार निवासी अनिल पुत्र प्रीतम ठाकुर हैं। दोनों बदमाशों को पुलिस ने सीएचसी छाता पर भर्ती कराया। पुलिस ने जगदीश सिंह से एक तमंचा .315 बोर और 12,300 रुपये और अनिल से 11,700 रुपये व एक तमंचा बरामद किया है। बबलू पुत्र करण ठाकुर निवासी बिड़ावली और गजेंद्र उर्फ गज्जू पुत्र शिब़ो ठाकुर भी लूटपाट में शामिल थे, बबलू फरार हो गए। थाना प्रभारी त्रिलोकी सिंह ने बताया, पूछताछ में बदमाशों ने बताया, बबलू ने लूट की योजना बनाई थी। उसके ही कहने पर लूट गया टैबलेट तोड़कर फेंक दिया और मोबाइल गजेंद्र के पास है। मोटरसाइकिल भी वही लेकर आया था। गजेंद्र कोर्ट में हाजिर हो गया। थाना प्रभारी ने बताया, जगदीश के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की पहले ही की जा चुकी है।









