मथुरा

पड़ोसी राज्य हरियाणा से सस्ती दरों पर तस्करी कर लाई जाने वाली अंग्रेजी और देसी शराब को खपाने के धंधे में महिलाएं भी उतर रहीं हैं। यहां तक कि वे कच्ची शराब तक बेच रहीं हैं। इसका खुलासा आबकारी विभाग की टीम ने किया है। थाना कोसीकलां इलाके के फूलगढ़ी गांव की एक महिला को 18 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है।
प्रदेश के आबकारी आयुक्त ने देसी, अंग्रेजी और कच्ची शराब की गैर कानूनी तौर पर की जा रही बिक्री पर विराम लगाने के साथ ही इस धंधे में संलिप्त संगठित गिरोह और उनके गुर्गों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला कर कार्रवाई करने के हाल ही में आदेश जारी किए थे। जिला आबकारी अधिकारी कुंवर प्रभात चंद्र ने सभी सर्किल अधिकारियों को आदेशित किया कि वह अपने-अपने क्षेत्र में ऐसे लोगों को चिन्हित करें और उनके खिलाफ सख्त कानून कार्रवाई भी की जाए। शुक्रवार को आबकारी अधिकारी को अपने मुखबिर तंत्र से मिली पुख्ता जानकारी पर फूलगढ़ी गांव में दबिश दी गई। यहां के रहने वाले बुद्धि की पत्नी रजिया को कच्ची शराब की बिक्री करते हुए टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी महिला की निशानदेही पर 18 लीटर कच्ची शराब भी बरामद हुई। जो एक कट्टी में भरी हुई थी। उसके खिलाफ थाना कोसीकलां में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपी महिला को पुलिस की सिपुर्दगी दे दिया गया।
इसके बाद टीम ने थाना कोसीकलां इलाके की भातू कॉलोनी भी अवैध शराब की बिक्री पर दबिश दी। यहां से मनोज पुत्र प्रकाश को 58 पौवा अवैध देसी शराब बेचते हुए पकड़ लिया गया। आरोपी ने पूछताछ में टीम को बताया कि वह बरामद की गई शराब को सस्ती दर हरियाणा राज्य से खरीद कर लाता है और आसपास के क्षेत्रों में ऊंची दर पर बेचता है।
आबकारी टीम ने कोसीकलां थाना क्षेत्र के ही गांव हताना कट सतीश पुत्र राधाकृष्ण को पड़ोसी राज्य हरियाणा से मोटरसाइकिल पर तस्करी कर शराब लाते हुए गिरफ्तार किया था। 50 पौवा और 24 हाफ देसी शराब के बरामद किए थे। जो हरियाणा में बिक्री की जाने वाली मस्ताना ब्रांड की शराब थी। थाना हाईवे की जमुना धाम कालोनी के बराबर एक परचून के खोखे पर से गांव सतोहा रहने वाले सुरेश को यूपी की ही देशी नगीना ब्राण्ड की शराब अवैध ढंग से बेचते हुए रंगे हाथ दबोचा था। फरह थाना क्षेत्र स्थित पिलुआ सादिकपुरा गांव से ओम प्रकाश पुत्र गोकुल को अवैध देसी मदिरा नगीना के 37 पौवा के साथ गिरफ्तार कर जेला भेजा था।
जिला आबकारी अधिकारी कुंवर प्रभात चंद्र ने बताया, प्रथम दृष्टया जानकारी में आया कि घरों और परचून आदि की दुकान में जो लोग तस्करी कर लाई गई और अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त है। जब वह अपने घरों पर नहीं होते हैं। तब घर की महिलाएं धंधे को संभालती हैं। इसकी पुष्टि की जा रही है। उनका कहना है, जिनकी भी शराब के अवैध धंधे में संलिप्तता पाई जाएगी। उन सभी खिलाफ आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।








