युवती का तुड़वाया रिश्ता तो कर दी थी प्रेमी की हत्या

छोटू हत्याकांड के रहस्य का खुलासा करते हुए एसपी क्राइम अवनीश कुमार मिश्रा, साथ में सीओ रिफाइनरी श्वेता सिंह

-15 घंटे से भी कम में थाना फरह पुलिस ने खोला राज
-हाईवे किनारे प्रकाश फार्म के पास मिला था युवक का शव
-दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल, हत्या में प्रयोग तमंचा और आटो किया बरामद
मथुरा: मथुरा-आगरा हाईवे किनारे प्रकाश फार्म के पास युवक की हत्या कर फेंके गए शव को थाना फरह पुलिस ने 15 घंटे से भी कम समय में पर्दाफाश कर दिया। ओल-सांतरूख मार्ग से दो आरोपियों को जेल भेज दिया गया। मरने वाला युवक राजस्थान की रहने वाली एक युवती से इकतरफा प्रेम करता था। उसकी सगाई तक तुड़वा दी थी। हरकतों से तंग आने पर आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से गोलीमार कर छोटू की हत्या की गई थी।
थाना फरह इलाके में गुरुवार सुबह हाईवे किनारे विधायक पूरन प्रकाश के प्रकाश फार्म के करीब थाना गोवर्धन क्षेत्र के देवसेरस गांव के रहने वाले छोटू का शव मिला था। उसके सीने व गर्दन पर गोली मारी गईं थीं। शव की शिनाख्त होते ही थाना फरह प्रभारी कमलेश सिंह अपनी टीम के साथ हत्याकांड का पर्दाफाश करने में जुट गए। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने थाना फरह पुलिस के सहयोग को एसओजी को भी लगा दिया था। करीब 15 घंटे से कम की तहकीकात में ही पुलिस हत्या आरोपियों तक पहुंच गई। शुक्रवार को एसपी क्राइम अवनीश कुमार मिश्रा ने छोटू हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया, छोटू डीजे का काम करता था। जमुना नगर निवासी श्यामवीर उर्फ लाला बघेल के बड़े भाई राजू उर्फ राजकुमार की ससुराल राजस्थान के थाना कुम्हेर क्षेत्र के गांव सुपास में है। वहां एक कार्यक्रम में श्यामवीर अपने साथ छोटू को करीब एक वर्ष पहले लेकर गया। राजकुमार के साले की पुत्री छोटू के संपर्क में आ गई। वह उससे बातचीत करने लगा, पर युवती छोटू को पसंद नहीं करती थी। छाूटे युवती से इकतरफा प्रेम करता था। इसकी जानकारी युवती के परिजन को हुई तो छोटू को समझाया, लेकिन वह नहीं माना। राजकुमार के ससुराली भी श्यामवीर को इसके लिए दोषी ठहरने लगे। यहां तक कि छोटे ने युवती की सगाई को भी तुड़वा दिया। छोटू की हरकतों से तंग आए श्यामवीर ने अपने दोस्त फ्रेंडस् नगर निवासी हीरा जाट के साथ मिल करके छोटू की हत्या की योजना बनाई। योजनाबद्ध तरीके से श्यामवीर ने बुधवार शाम को छोटू को कॉल कर हाईवे स्थित मां की रसोई ढाबे पर भोजन करने को बुलाया। आटो से तीनों फरह की ओर जा रहे थे। उस समय घना कोहरा छाया हुआ था। रास्ते में छोटू की गोली मार कर हत्या कर दी गई। शव को हाईवे किनारे फेंककर आरोपी फरार हो गए। एसपी क्राइम अवनीश कुमार मिश्रा ने बताया, दोनों आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेजे गए हैं। आटो और तमंचा बरामद कर लिया गया है। इस मौके पर रिफाइनरी सर्किल ऑफिसर श्वेता सिंह भी मौजूद रहीं।