प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा का खाका खींच गए मुख्यमंत्री योगी-जनप्रतिनिधियों पर डाल गए ब्रजवासियों को उत्सव में बुलाने की जिम्मेदारी

­मथुरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 23 नवंबर के प्रस्तावित कार्य कार्यक्रम को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मथुरा वृंदावन के दौरे पर आए। मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारकाधीश, बांके बिहारी और मदन मोहन मंदिर के दर्शन किए और प्रधानमंत्री के दर्शन करने के लिए आने को लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मुख्यमंत्री कार्यालय से प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी जाने वाली रिपोर्ट के बाद ही प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रधानमंत्री के मथुरा दौरे का कार्यक्रम तय होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सबसे से पहले बांके बिहारी जी मंदिर गए और यहां विधि-विधान से पूजा अर्चना की। उसके बाद मंदिर परिसर का निरीक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने मंदिर के प्रवेश और निकास द्वार को भी देखा। इसके बाद मुख्यमंत्री मदन मोहनजी मंदिर पहुंचे और दर्शन कर यहां की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वृंदावन के बाद मुख्यमंत्री मथुरा आए। ब्रज रज उत्सव-2023 रेलवे ग्राउंड मेला स्थल का निरीक्षण किया और यहां मेला परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, सीटिंग प्लान, प्रवेश एवं निकास द्वार, टॉयलेट और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

-प्रदर्शनियों की भी ली जानकारी: मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को मेला परिसर में लग रही प्रदर्शनियों को दिखाने के संबंध में भी जानकारी ली। डीएम शैलेन्द्र कुमार सिंह और उत्तर प्रदेश ब्रजतीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी नगेंद्र प्रताप ने मेले के मानचित्र के माध्यम से मुख्यमंत्री को पूरे परिसर की जानकारी दी। यहां फूड स्टॉल, झूला क्षेत्र, हस्तशिल्प प्रदर्शनी लगाई गई है। उप्र ब्रजतीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कान्त मिश्र ने मुख्यमंत्री को संत मीरा बाई की 525 वीं जयंती के उपलक्ष्य में जन्मोत्सव आयोजन के संबंध में बताया। सांसद हेमा मालिनी द्वारा भक्त मीरा वैले की प्रस्तुति दिए जाने के संबंध में भी बताया। यहां से मुख्यमंत्री सीधे राजाधिराज श्री द्वारकाधीश मंदिर पहुंचे। यहां व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

-प्लास्टिक मुक्त हो मथुरा: योगी

मुख्यंमंत्री ने उप्र ब्रजतीर्थ विकास परिषद के सभागार में बुलाई अधिकारियों की बैठक में जन प्रतिनिधियों से कहा कि आप सभी स्वच्छता के विशेष कार्यक्रम आयोजित करे। अपने-अपने क्षेत्रों में आम जनता और प्रशासन के सहयोग से कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले को स्वच्छ बनाए और प्लास्टिक मुक्त करें। अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति कार्यवाही की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा, इस आदेश का सख्ती के साथ पालन किया जाए। साथ ही नगर आयुक्त शशांक चौधरी को निर्देश दिए कि कूड़े का डोर टू डोर कलेक्शन करने के कार्य को प्रभावी बनाया जाए। मार्गों पर कूडा नजर नहीं आना चाहिए। कंही पर भी कूड़ा जलना नहीं चाहिए। कलेक्शन किए गए कूड़े को डंपिंग ग्राउंड पर पहुंचाया जाए। साथ ही यह भी कहा, आवश्यकता अनुसार आउटसोर्स के माध्यम से कर्मचारियों को नियुक्त कर स्वच्छता अभियान चलाया जाए। जहां-जहां बॉल पैटिंग नहीं है, वहां पैटिंग कराई जाए। निराश्रित गोवंश को प्रबंधन किया जाए। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को सभी सड़कों को गढ्ढामुक्त करने के निर्देश दिए और कहा कि कोई भी सड़क टूटी नहीं रहनी चाहिए।

जनप्रतिनिधियों को भी सौंपी जिम्मेदारीः मुख्यमंत्री ने सभी जनप्रतिनिधियों से कहा 23 नवंबर को सांसद हेमा मालिनी के भक्त मीरा वैले कार्यक्रम में लोगों को आमंत्रित करें। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए अधिकाधिक जिले के लोगों को बुलाया जाए। यातायात व्यवस्था को लेकर भी कहा, आवागमन में किसी को कोई परेशानी न हो। प्रधानमंत्री जी मंदिरों के भ्रमण पर हो, तब श्रद्धालुओं को विनम्रता पूर्वक मार्गाें के साइड किया जाए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एडीजी को निर्देश दिए कि भीड़ में आराजकतत्वों पर नजर रखें। प्रधानमंत्री मंदिर  दर्शन करने जाए तो प्रति मंदिर पर सुरक्षा व्यवस्था में एसएसपी स्तर के अधिकारी को जिम्मेदारी दी जाए। रूट व्यवस्था का पहले ही रिहर्सल कर लिया जाए।एसएसपी स्वयं यातायात व्यवस्था एवं रूट व्यवस्था की कमान संभालें। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पहले ही पुलिस बल की मांग कर ली जाए।

हटाए अवैध हार्डिंग्स: मुख्यमंत्री ने कहा, सड़क मार्गों से अनाधिकृत होर्डिग्ंस हटाये जाएं। सभी मार्गाें ं के ऊपर लगे बैनरों को तत्काल प्रभाव से हटवा दिया जाए। कोई भी होर्डिंग्स और बैनर रोड़ पर लटका हुआ नजर न आए। कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल टॉयलेट, पेयजल आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्हांेने उप्र ब्रजतीर्थ विकास परिषद के अधिकारियों को ब्रज रज उत्सव-2023 कार्यक्रम के अधिकाधिक प्रचार प्रसार करने के निर्देश दिए; मथुरा में विभिन्न स्थानों पर स्क्रीन के माध्यम से लाइव कार्यक्रम दिखाया जाए।

ये रहे मौजूद:

बैठक में गन्ना विकास एवं चीनी मीलें मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, सांसद हेमा मालिनी, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार, प्रभारी मंत्री संदीप सिंह, महापौर विनोद कुमार अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह, विधायक पूरन प्रकाश, विधायक राजेश चौधरी, विधायक मेघश्याम सिंह, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड रविकांत गर्ग, एमएलसी ओमप्रकाश सिंह, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, महानगर अध्यक्ष घनश्याम लोधी, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद, एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ, मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी, डीएम शैलेन्द्र कुमार सिंह, एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, नगर आयुक्त शशांक चौधरी, सीडीओ मनीष मीणा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा़ अजय कुमार वर्मा, सीएफओ एनपी सिंह, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग सौरभ बैराटी, जिला सूचना अधिकारी प्रशांत कुमार सुचारी, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि अधिकारी डा़ गौरी शंकर मौजूद रहे।