अचानक द्वारकाधीश मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री को होलीगेट अंदर नजर आई हकीकत
मथुराः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को अचानक द्वारकाधीश मंदिर पहुंचे तो होलीगेट अंदर बेतरतीब लटके बिजली की अननिगत तारों को देखकर मुख्यमंत्री विद्युत निगम की व्यवस्था पर जमकर बरसे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद कार्यालय में बुलाई अधिकारियों की बैठक में मुख्यमंत्री ने दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के चीफ अमित किशोर को इस व्यवस्था को बदलने के निर्देश दिए और कहा, प्रधानमंत्री के आगमन से पहले ऐसी भद्दी तस्वीर यहां नजर नहीं आनी चाहिए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पहले वृंदावन में ठाकुर बांके बिहारी मंदिर, मदन मोहन मंदिर और धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड का निरीक्षण करना था, लेकिन वह अचानक द्वारकाधीश मंदिर और श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में हुए बदलाव का परिणाम यह रहा कि मुख्यमंत्री को मथुरा शहर की भद्दी तस्वीर भी देखने को मिल गई। होलीगेट अंदर मुख्यमंत्री को द्वारकाधीश मंदिर जाने के दौरान मुख्य मार्ग पर अनगिनत बिजली के तार बेतरतीब लटके नजर आए। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद कार्यालय में बुलाई अधिकारियों की बैठक में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के चीफ अमित किशोर को कड़ी फटकार लगाई और लटके हुए तारों को संबंध में पूछ लिया। इस पर विद्युत निगम के अधिकारी कोई जवाब नहीं दे सके। मुख्यमंत्री ने चीफ को निर्देष दिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मथुरा दौरे से पहले यह तस्वीर नजर नहीं आनी चाहिए। चीफ ने कहा, शहर के अंदर जो तार लटके हुए हैं, उनको व्यवस्थित किया जाएगा। युद्ध स्तर पर विद्युत निगम के अधिकारी कार्य करेंगे और वह स्वयं भी इस पर नजर रखेंगे। प्रधानमंत्री के दौरे से पहले इसे ठीक कर दिया जाएगा। इसके साथ ही विद्युत आपूर्ति में कोई बाधा नहीं होगी। लगातार विद्युत आपूर्ति होती रहेगी।








