शामली जिले से मथुरा की ओर लूटपाट करने के लिए आ रहे बावरिया गिरोह से थाना कोसीकलां पुलिस का शालीमार रोड नरसी विलेज पर शुक्रवार को आमना-सामना हो गया। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में पुलिस की गोली लगने से दो बावरिया घायल हो गए, जबकि घायलों के दो साथी भागने में सफल हो गए। इसी गिरोह ने प्रधान क्रेन सर्विस मनीरामवास बाईपास पर आठ दिन पहले सोने की चेन लूटी थी और उसके बाद फरार हो गए थे।
प्रधान क्रेन सर्विस मनीराम वास के रहने वाले सोनू के गले से दिनदहाड़े मोटरसाइकिल सवार बदमाश दस अगस्त को सोने की चेन लूटी गई थी। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया, थाना प्रभारी अनुज कुमार राणा को लूट की इस वारदात का पर्दाफाश करने के लिए लगाया गया। उनके सहयोग में सर्विलांस और एसओजी की टीम भी लगाई थी। आज पुलिस को दोबारा से लूटपाट की वारदात को अंजाम देने के लिए मथुरा की ओर आने की जानकारी मिली। थाना प्रभारी अनुज राणा ने सर्विलांस और एसओजी के साथ मिलकर बदमाशों की घेराबंदी के लिए शालीमार रोड पर शिवा फैक्ट्री के पास बैरियर लगाकर चेकिंग आरंभ कराई। नंदगांव मार्ग की तरफ से दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर चार लोग सवार होकर आ रहे थे। पुलिस टीम ने उनको रोकने का प्रयास किया। मगर, पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने तमंचा से फायरिंग करना शुरू कर दिया। पुलिस ने जवाब में फायरिंग की। गोली लगने से शामली जिले के थाना झिंझाना के गांव अलाउद्दीनपुर निवासी कपिल बावरिया और गांव खोखसा निवास दिनेश उर्फ गणेश बावरिया पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो साथी भाग गए। आरोपियों से लूटी गई चेन का एक टुकड़ा, तमंचा और लूट में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल मौके पर बरामद की। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भर्ती कराया है।
-400-500 किमी दूर आते हैं वारदात को : थाना प्रभारी अनुज कुमार राणा ने बताया, मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए बावरिया मोटरसाइकिल से ही 400-500 किलोमीटर दूर वारदात करने के लिए निकलते हैं। लूटपाट कर कर भाग जाते हैं। उनकी खासियत है कि जिन इलाकों में लूटपाट करते हैं, उन इलाकों में अपने ठिकाने भी रखते है। इन्हीं ठिकानों से उनको सपोर्ट मिलता है।









