

-माल गोदाम मार्ग पर हुई मुठभेड़ मेंं चार चोर किए गिरफ्तार, गोली लगने से दो घायल
मनोज चौधरी, मथुरा : पूर्व विधायक चंदन सिंह के यहां 12 जुलाई की रात चाेरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोरों से मंगलवार रात करीब एक बजे माल गोदाम रोड पर पुलिस का आमना-सामना हो गया। दोनों तरफ से हुई फायरिंग में पुलिस की गोली लगने से दो चोर घायल हो गए, जबकि दो ने पुलिस के सामने हथियार डाल दिए। गिरफ्तार किए गए चोरों से पूछताछ में पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली। टेंपो में सवार होकर आए चोरों के साथ एक चोर की मां भी रखवाली करने को ं आई थी, जो फरार है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के डैंपियर नगर निवासी पूर्व विधायक चंदन सिंह के घर से 12 जुलाई की रात को चोर नकदी और गहने चुरा कर ले गए थे। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए बताया कि मंगलवार रात को पुलिस को चोरों के एक गिरोह के टेंपो में सवार होकर माल गोदाम रोड पर जाने की पुख्ता जानकारी प्राप्त हुई। काेतावली प्रभारी संजय कुमार पांडेय, एसओजी प्रभारी राकेश कुमार यादव और सहयोग के लिए सर्विलांस सेल की टीम को चोरों की घेराबंदी करने के लिए लगाया गया। सीओ सिटी अभिषेक तिवारी की अगुवाई में टीम ने चोरों को घेर लिया। पुलिस को देखते ही चोरों ने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाई। पुलिस की गोली लगने से थाना जमुनापार क्षेत्र के शांति आश्रम गांव डैंगरा निवासी भोला और हरियाणा के पानीपत जिले के गांव अधियाना मतलौडा निवासी सतीश गोली लगने से घायल हो गए। शांति आश्रम डैगरा निवासी गब्बर और रोहित ने पुलिस के सामने आत्मसर्पण कर दिया। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-ये माल हुआ बरामद
-सोने का गले का हार, चैन, मंगलसूत्र, हीरो का हार, कान का सेट, अंगूठी सात जोड़ी कुंडल, कड़े, पैंडल, चांदी की पायल, सिक्के, 35 हजार रुपये नकद। चुराए गए माल की कीमत करीब 25 लाख रुपये थी। इसके साथ ही एक सरिया, पेचकस, प्लास, और टेंपों भी बरामद किया गया है।
-मां भी आई थी साथ : पुलिस को पूछताछ में यह भी जानकारी हाथ लगी है कि चोर टेंपो में सवार होकर आए थे उनके साथ एक चोर की मां भी थी। जो टेंपो में बैठकर बाहर से रखवाली कर रही थी। पुलिस को महिला की तलाश है, जो फरार है।
-पूर्व कैबिनेट मंत्री का भी घर किया था साफ : अक्टूबर 2019 में गिरफ्तार किए गए चोर सतीश ने अपने गिरोह के साथ चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। एक करोड़ रुपये के करीब गहना और नकदी चुराई थी। इस गिरोह का सरगना सतीश और भोला है। भोला के खिलाफ छह, सतीश के खिलाफ चार, गब्बर के खिलाफ पांच और रोहित के खिलाफ आठ मुकदमा विभिन्न थानों में दर्ज है।
-टीम को मिला इनाम :- घटना का पर्दाफाश करने वाली टीम को अपर पुलिस महानिदेशक ने पचास हजार और पुलिस महानिरीक्षक न 25 हजार रुपये का इनाम दिए जाने की घोषणा की है। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार पांडेय, एसओजी प्रभारी राकेश कुमार, बागबहादुर पुलिस चौकी प्रभारी अमित कुमार, एसआइ वीरेंद्र कुमार, सर्विलांस सेल प्रभारी विकास शर्मा, हैड कांस्टेबल कुलदीप कुमार, अभिनव यादव, दीपक पचौरी, सुधीर कुमार, अजेन्द्र सिंह, बृजेन्द्र कुमार, गजेन्द्र सिंह, कांस्टेबल दीपक कुमार, सोनू सांगवान, बन्टू सिंह, विवेक कुमार।








