
सुबोध चौधरी
आदित्य मंगल, न्यूज़, मथुरा: थाना महावन पुलिस की बुधवार रात को गोंडा जिले के तीन बदमाशों से गांव मनोहरपुर – जगदीशपुर लिंक मार्ग स्थित ने एक्सप्रेस वे के अंडरपास पुलिया पर मुठभेड़ हो गई। पुलिस की घेराबंदी में फंसे बदमाशों ने पुलिस के ऊपर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया।उसके दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों से दो मोटरसाइकिल और दो तमंचा, कारतूस और खोखा बरामद किए हैं। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना महावन प्रभारी ललित शर्मा को रात इलाके में आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों के आने की लोकेशन मिली। थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए गांव मनोहरपुर-जगदीश पुर लिंक मार्ग स्थित यमुना एक्सप्रेस वे की अंडर पास पुलिया के पास नाकाबंदी की। दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। इस पर मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने पुलिस को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। एसपी ग्रामीण त्रिगुण बिसेन ने बताया कि जिला गोंडा के थाना धानेपुर के गांव दुलहापुर वासी मिथुन, बजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव पुरेपवांर निवासी आनंद कुमार और दुलहापुर निवासी गिरधारी गिरफ्तार कर लिया गया। गोली लगने से बदमाश मिथुन घायल हुआ है।
थाना प्रभारी ललित शर्मा ने बताया कि मिथुन के खिलाफ जिला गोंडा के अलग अलग थानों में लूट, चोरी, जानलेवा हमला करने, गैंगस्टर के मुकदमा दर्ज हैं।








