मनोज चौधरी मथुरा
मथुरा। इलाके के आलू किसान आजकल भारी परेशान हैं। मेहनत खूब कर रहे हैं, लेकिन आलू का दाम इतना नहीं मिल रहा कि लागत भी निकल सके। हालत ये है कि कई किसान अपना आलू कोल्ड स्टोरेज में ही छोड़ आते हैं, क्योंकि उनके पास भाड़ा देने के पैसे तक नहीं बचते। इसी बात को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) अब बड़ा आंदोलन करने की तैयारी में है।
देर रात भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश चौहान गढ़सौली गांव पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं ने साफा बांधकर उनका जोरदार स्वागत किया। गांव में किसानों से बातचीत करते हुए राजेश चौहान ने कहा कि अब आलू के सही दाम की लड़ाई लड़नी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि आगरा मंडल के किसान आगे आएं, गांव-गांव संगठन को फैलाएं और यूनियन को मजबूत करें, तभी किसान की आवाज ऊपर तक पहुंचेगी।
श्री कृष्ण जन्म भूमि शाही ईदगाह मस्जिद प्रकरण को लेकर आंदोलन पकड़ने लगा रफ्तार
मंडल अध्यक्ष राजकुमार तोमर ने बताया कि पिछले साल भी आलू किसान घाटे में रहा और इस साल भी भाव नहीं मिल रहा। खाद, बीज, दवा, सिंचाई सब महंगा हो गया, लेकिन आलू का रेट वहीं का वहीं है। उन्होंने कहा कि अब संगठन इस लड़ाई को और तेज करेगा।
राजकुमार तोमर ने यह भी कहा कि उद्यान विभाग ने जो आलू का बीज किसानों को दिया था, वह खराब निकला और उसमें वायरस आ गया। इससे किसानों की फसल चौपट हो गई। इस मामले को लेकर भी भाकियू अराजनैतिक लखनऊ जाकर अफसरों से जवाब मांगेगी।
इस मौके पर सोवरन सिंह, तिलक पंडित, धर्मवीर परिहार, उदयवीर सरपंच, लाल सिंह तोमर, रणवीर प्रधान, जगदीश भगत, कलुआ तोमर, राजवीर, मनीराम, सहदेव, छतर सिंह, भोले, लखू ताऊ, धर्मवीर, राजू, चंदन, अवधेश रावत और मुकेश रावत सहित कई गांवों के किसान मौजूद रहे।
किसानों का साफ कहना है कि अगर आलू का समर्थन मूल्य तय नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।








