अड़ींग गांव से अंतरिक्ष के रहस्यों को समझेंगे छात्र

खगोलीय वेधशाला में टेलिस्कोप को देखती जिला पंचायत राज अधिकारी किरण चौधरी

-खगोलीय वेधशाला का कार्य अंतिम दौर में पहुंचा
मनोज चौधरी, मथुरा
किस्से कहानी और किताबों में ही अब तक छात्र-छात्राओं ने अंतरिक्ष में ग्रह, आकाश गंगा, उल्का पिंड और पुच्छल तारों को पढ़ा और समझा है। गांव अड़ींग के राजकीय विद्यालयों बैठकर के खगोलीय रहस्यों का अध्ययन कर सकेंगे। दोनों विद्यालयों में खगोलीय लैब के निर्माण का कार्य अंतिम दौर में चल रहा है;उच्चकोटि के टेलीस्कोप और अन्य उपकरण भी स्थापित किए गए है। चंद्रकला, न्यूटन के नियम, सौरमाला, सम्राट यंत्र, धूप घड़ी और राम यंत्र के साथ-साथ पृथ्वी के वर्किंग मॉडल भी वेधशाला में रखे जाएंगे।
मथुरा-गोवर्धन मार्ग स्थित आदर्श ग्राम पंचायत का दर्जा प्राप्त कर चुकी ग्राम पंचायत अड़ींग में राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और राजकीय बालक इंटर कालेज है। दोनों ही विद्यालयों में जिले की पहली खगोलीय वेधशाला का निर्माण कार्य लगभग अंतिम दौर में पहुंच चुका है। दोनों ही विद्यालयों में करीब एक हजार से ज्यादा छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। दोनों विद्यालयों में परपफार्मेंस ग्रांट से खगोलीय वेधशाला का निर्माण कराया जा रहा है। इसी वेधशाला में इन दोनों विद्यालयों के अलावा अन्य दूसरे विद्यालयों के छात्र भी खगोलीय घटनाओं का अध्ययन कर सकेंगे। अंतरिक्ष की घटनाओं के अलावा पृथ्वी की संरचना की जानकारी भी इस वेधशाला में छात्रों को मिल जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी किरण चौधरी ने सोमवार को वेधशाला का निरीक्षण भी किया और कहा, ‘आओ विज्ञान करके सीखें‘ के सिद्वांत पर छात्र-छात्राएं यहां अध्ययन करेंगे और इसके साथ ही अपना अभिनव प्रयोग भी कर सकेंगे। उनका कहना है, खगोलीय वेधशाला छात्रों को अंतरिक्ष, भौतिक और रसायन शास्त्र के अध्ययन में मील का पत्थर सिद्व होगी।

कुंड में खिलाए कमल
इसी ग्राम पंचायत में एक कमल कुंड भी है। गांव का गंदा पानी भर जाने से कुंड में कमल खिलना बंद हो गया था। दुर्दशा का शिकार हुए कुंड को जिला पंचायत राज विभाग ने खूबसूरती का अद्भुत रूप भी दिया है। गंदे पानी को गिरने से रोक दिया गया। स्वच्छ जल भरा गया। कमल के बीज भी डाले गए। आज इसमें कमल खिलने लगे है।

स्वास्थ्य का भी रखा ख्याल : इसी ग्राम पंचायत में जिला पंचायत राज विभाग ने एक ओपन जिम की भी स्थापना कराई है। गांव के युवा इसमे कसरत कर अपनी सेहत का ख्याल भी रख सकते हैं।